बंगाल में काफी हद तक शांतिपूर्ण मतदान: सुकांत मजूमदार ने निर्वाचन आयोग की सराहना करते हुए कहा

Ads

बंगाल में काफी हद तक शांतिपूर्ण मतदान: सुकांत मजूमदार ने निर्वाचन आयोग की सराहना करते हुए कहा

  •  
  • Publish Date - April 23, 2026 / 01:30 PM IST,
    Updated On - April 23, 2026 / 01:30 PM IST

बेलूरघाट, 23 अप्रैल (भाषा) केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पश्चिम बंगाल इकाई के पूर्व अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने बृहस्पतिवार को मतदान के शुरुआती घंटों के दौरान ‘काफी हद तक शांतिपूर्ण’ मतदान के लिए निर्वाचन आयोग की सराहना की और शेष दिन के लिए भी हिंसा-मुक्त माहौल सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

मजूमदार ने अपने परिवार के साथ दक्षिण दिनाजपुर जिले में बूथ संख्या 48 पर मतदान किया और मतदाताओं से “पहले मतदान, फिर जलपान” के मंत्र का पालन करने की अपील की।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, “मैं अब तक शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव कराने के लिए निर्वाचन आयोग को बधाई देना चाहता हूं और उम्मीद करता हूं कि वह दिन के बाकी हिस्से में भी इसी तरह सतर्कता बनाए रखेगा।”

उन्होंने कहा, “राज्य के विभिन्न हिस्सों से छिटपुट हिंसा की खबरें मिली हैं और कल रात मुर्शिदाबाद के डोमकल इलाके में एक बम विस्फोट हुआ। मेरा मानना है कि निर्वाचन आयोग को मुर्शिदाबाद जैसे जिलों में अतिरिक्त सतर्कता बरतनी चाहिए, जहां चुनाव के दौरान हथियारों और बमों के इस्तेमाल का इतिहास रहा है।”

मतदान के शुरुआती घंटों के दौरान 152 विधानसभा क्षेत्रों के कुछ इलाकों से छिटपुट हिंसा की घटनाएं सामने आईं। इन क्षेत्रों में केंद्रीय बलों की 2,400 से अधिक कंपनियों की तैनाती सहित अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान जारी है।

राज्य में शुरूआती चार घंटों में औसतन 41.11 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

भाषा मनीषा वैभव

वैभव