भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन 27 अप्रैल को राजस्थान दौरे पर

Ads

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन 27 अप्रैल को राजस्थान दौरे पर

  •  
  • Publish Date - April 23, 2026 / 06:00 PM IST,
    Updated On - April 23, 2026 / 06:00 PM IST

जयपुर, 23 अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 27 अप्रैल को राजस्थान दौरे पर आएंगे और टोंक से पार्टी के सात नए जिला कार्यालयों का उद्घाटन करेंगे। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

राठौड़ ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नवीन का यह पहला राजस्थान दौरा होगा। कार्यक्रम के अनुसार, वह टोंक में एक जिला कार्यालय का उद्घाटन करेंगे, जबकि अन्य जिला कार्यालयों का उद्घाटन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये किया जाएगा। साथ ही जालोर में एक जिला कार्यालय का शिलान्यास भी किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि जयपुर पहुंचने के बाद नवीन टोंक जाएंगे और वहां कार्यालय उद्घाटन के पश्चात आमजन व पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। इसके बाद वह जयपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे, जिसमें मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के प्रदेश संयोजक भी शामिल होंगे।

राठौड़ के अनुसार नवीन इस दौरान भाजपा कोर कमेटी की बैठक भी लेंगे और संगठन विस्तार को लेकर दिशा-निर्देश देंगे।

बालोतरा में रिफाइनरी के उद्घाटन से पहले एक इकाई में आग लगने के संबंध में पूछे गए सवाल पर राठौड़ ने कहा कि विपक्ष को इस मुद्दे पर राजनीति नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि घटना की जांच जारी है और पूरी होने के बाद सभी तथ्य सामने आ जाएंगे।

भाषा

पृथ्वी रवि कांत