कानून-व्यवस्था की स्थिति अब भी संवेदनशील, लेकिन नियंत्रण में : मणिपुर के मुख्यमंत्री
कानून-व्यवस्था की स्थिति अब भी संवेदनशील, लेकिन नियंत्रण में : मणिपुर के मुख्यमंत्री
इंफाल, 18 अप्रैल (भाषा) मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई खेमचंद सिंह ने शनिवार को कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था संवेदनशील बनी हुई है, लेकिन नियंत्रण में है।
सिंह ने राज्य सचिवालय में असम राइफल्स आईजीएआर (दक्षिण) के साथ बैठक करने के बाद ये टिप्पणियां कीं।
मुख्यमंत्री ने फेसबुक पर एक पोस्ट में कहा, “आज सचिवालय में आईजीएआर (दक्षिण) के मेजर जनरल गौरव शर्मा द्वारा दी गई ब्रीफिंग में इस बात की पुष्टि की गई कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति संवेदनशील है लेकिन नियंत्रण में है, और सुरक्षा बल सभी प्रकार की गड़बड़ियों से अत्यंत सावधानी और संयम से निपट रहे हैं।”
उन्होंने सभी नागरिकों से अशांति भड़काने वाली अफवाहों और गलत सूचनाओं के प्रति सतर्क रहने का आग्रह किया।
बिष्णुपुर के ट्रोंगलाओबी में सात अप्रैल को हुए बम हमले में दो बच्चों की मौत के बाद इंफाल घाटी के पांच जिलों में विरोध प्रदर्शनों और सुरक्षा बलों के साथ झड़पों की खबरें सामने आईं।
उन्होंने कहा कि सरकार न्याय सुनिश्चित करने और राज्य भर में शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए भी प्रतिबद्ध है।
भाषा प्रशांत पवनेश
पवनेश

Facebook


