समाज के अंतिम व्यक्ति की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए काम करें वकील : भजनलाल शर्मा

Ads

समाज के अंतिम व्यक्ति की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए काम करें वकील : भजनलाल शर्मा

  •  
  • Publish Date - February 24, 2026 / 12:59 AM IST,
    Updated On - February 24, 2026 / 12:59 AM IST

जयपुर, 23 फरवरी (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को कहा कि अधिवक्ताओं को समाज के अंतिम व्यक्ति की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए काम करना चाहिए।

शर्मा ने जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर में ‘दी बार एसोसिएशन जयपुर’ के शपथ ग्रहण समारोह को संबोधित करते हुए यह बात कही।

उन्होंने कहा कि अधिवक्ता कानून की कठिन भाषा को सरल बनाकर समाज को न्याय दिलाने वाले सेतु हैं। जब कोई आम आदमी किसी मुसीबत में होता है, तो वह न्याय की आस लेकर सबसे पहले अधिवक्ता के पास ही जाता है इसलिए उन्हें समाज के अंतिम व्यक्ति की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए कार्य करना चाहिए।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र के तीन प्रमुख स्तंभ विधायिका, कार्यपालिका और न्यायपालिका अपनी-अपनी जिम्मेदारी ईमानदारी से निभाते हुए एक-दूसरे के साथ संतुलन बनाए रखते हैं, तभी एक स्वस्थ और जीवंत लोकतंत्र का निर्माण होता है।

शर्मा ने कहा कि अधिवक्ता न्यायपालिका के साथ मिलकर उस संतुलन को बनाए रखने में सहयोग करते हैं और संविधान एवं मौलिक अधिकारों के रक्षक तथा लोकतंत्र के प्रहरी की भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राजस्थान सरकार सभी को न्याय प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है और त्वरित न्याय के बिना विकास अधूरा है।

इससे पहले, मुख्यमंत्री ने जिला बार एसोसिएशन के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई।

भाषा

पृथ्वी रवि कांत