तिरुवनंतपुरम, दो अप्रैल (भाषा) कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने बृहस्पतिवार को केरल में सत्तारूढ़ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) और मुख्यमंत्री पिनराई विजयन पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की “बी-टीम” होने का आरोप लगाया।
केरल विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के चुनाव अभियान के तहत पुतनतोपु में एक नुक्कड़ सभा में प्रियंका ने आरोप लगाया कि मोदी ने पश्चिम एशिया संघर्ष के संबंध में अमेरिका और इजराइल के सामने “झुककर” ऐसी स्थिति पैदा कर दी है जहां भारत को भी अन्य देशों के साथ-साथ नुकसान उठाना पड़ेगा।
उन्होंने आरोप लगाया, “हमारे प्रधानमंत्री कायर, बिना रीढ़ के और दबाव में हैं। हम हर दिन इसकी कीमत चुका रहे हैं क्योंकि उनमें भारत के लिए खड़े होने का साहस नहीं है…।”
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मोदी की नीतियों ने खाड़ी क्षेत्र में चल रहे संघर्ष के दौरान वहां फंसे भारतीयों को सुरक्षा और संरक्षा प्रदान नहीं की है।
प्रियंका ने एलडीएफ और मुख्यमंत्री पिनराई विजयन पर मोदी की “बी-टीम” होने का भी आरोप लगाया।
उन्होंने कहा, “जरा सोचिए। एक भी ऐसे नेता का नाम बताइए जिसने नरेन्द्र मोदी के खिलाफ आवाज उठाई हो और प्रवर्तन निदेशालय, आयकर विभाग, सीबीआई या उनकी अन्य एजेंसियों द्वारा उसे निशाना न बनाया गया हो।”
उन्होंने वामपंथी सरकार पर यह आरोप भी लगाया कि सत्ता में रहने के दौरान उसने राज्य के लोगों को न्यूनतम अवसर उपलब्ध कराए।
कांग्रेस नेता ने वामपंथी सरकार पर राज्य के लोगों की जरूरतों और समस्याओं के प्रति “लापरवाह” होने का भी आरोप लगाया।
उन्होंने आगे दावा किया कि केरल में स्वास्थ्य व्यवस्था चरमरा रही है, क्योंकि सरकारी अस्पतालों में कर्मचारियों, चिकित्सा उपकरणों और दवाओं की कमी है।
भाषा प्रशांत पवनेश
पवनेश