यूडीएफ अगर सत्ता में आई तो एलडीएफ सरकार के भ्रष्टाचार की जांच की जाएगी : अनवर
यूडीएफ अगर सत्ता में आई तो एलडीएफ सरकार के भ्रष्टाचार की जांच की जाएगी : अनवर
मलप्पुरम (केरल), एक मई (भाषा) केरल के पूर्व विधायक पी.वी. अनवर ने शुक्रवार को कहा कि हाल में संपन्न विधानसभा चुनाव में अगर कांग्रेस नीत यूडीएफ सत्ता में आती है, तो वह मौजूदा माकपा नीत एलडीएफ शासन के कथित भ्रष्टाचार और गलत कामों की जांच कराएगी।
अनवर वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) के समर्थन से विधायक चुने गए थे, लेकिन मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के वरिष्ठ नेता और मुख्यमंत्री पिनरायी विजयन से मतभेद होने के बाद इस्तीफा दे दिया। उन्होंने नौ अप्रैल को हुए विधानसभा चुनाव में संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ)के समर्थन से बतौर निर्दलीय बेपोर सीट से चुनाव लड़ा है।
अनवर मलप्पुरम जिले के पूर्व पुलिस प्रमुख सुजीत दास एस को कदाचार के आरोपों, जिनमें मामलों का अनुचित निपटान, सोने की तस्करी में सहायता करना और उनके आधिकारिक आवास के परिसर से पेड़ों की अवैध कटाई शामिल है, की आंतरिक जांच में क्लीन चिट दिए जाने की खबरों को लेकर संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे।
सितंबर 2024 में, दास और अनवर के बीच फोन पर हुई बातचीत सार्वजनिक हो गई थी। अनवर ने अधिकारी पर कदाचार के कई आरोप लगाए थे। इसके बाद, दास को निलंबित कर दिया गया था और एक आंतरिक जांच शुरू की गई थी।
अनवर ने कहा कि दास के खिलाफ जांच के दौरान उनकी बात कभी नहीं सुनी गई और वह जांच बंद करने के फैसले के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे।
उन्होंने दावा किया कि वामपंथ दलों के समर्थकों ने भी विजयन के खिलाफ मतदान किया है और वे एलडीएफ सरकार को सत्ता से हटाने में मदद करेंगे।
अनवर ने कहा, ‘‘यूडीएफ नेतृत्व इन सभी मामलों की जांच करेगा। वे जनता के सामने सभी विवरण रखेंगे। चोरी की गई सरकारी संपत्तियां वापस लाई जाएंगी।’’
पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि एलडीएफ सरकार ने अपने कार्यकाल के दौरान भ्रष्टाचार के माध्यम से भारी मात्रा में सार्वजनिक धन का गबन किया है।
भाषा धीरज संतोष
संतोष

Facebook


