कोच्चि, 11 अप्रैल (भाषा) नयी दिल्ली में केरल सरकार के विशेष प्रतिनिधि के. वी. थॉमस ने शनिवार को दावा किया कि मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) नीत वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) राज्य में तीसरी बार सत्ता में लौटेगा और कांग्रेस नीत संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) उसके भीतर कथित ‘‘अंदरूनी कलह’’ के कारण सरकार नहीं बना पाएगा।
पूर्व कांग्रेस नेता थॉमस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर राजनीति में ‘‘उपभोक्तावाद’’ (सौदेबाजी की राजनीति) लाने का भी आरोप लगाते हुए कहा कि यह बात पलक्कड़ में जो हुआ, उससे साफ है।
वह भाजपा नेता शोभा सुरेंद्रन पर वोट के बदले धन देने के आरोप का उल्लेख कर रहे थे।
थॉमस ने यहां एक टीवी चैनल से कहा कि भाजपा नेता शोन जॉर्ज की इस टिप्पणी में भी उपभोक्तावाद दिखता है कि अगर गिरजाघर भाजपा की मदद नहीं करेंगे, तो वह भी संभवत: उनकी मदद नहीं करेगी।
उन्होंने कहा कि शोन और उनके पिता पी. सी. जॉर्ज के बयान उनके असली चरित्र को दिखाते हैं।
थॉमस ने कहा, ‘‘वे मुखौटा पहनकर भेड़िये की तरह आ रहे हैं। वे अपने बयानों से गिरजाघर को डराने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन केरल में यह सफल नहीं होगा।’’
विधानसभा चुनाव के नतीजों के बारे में उन्होंने भरोसा जताया कि राज्य में सत्ता विरोधी लहर नहीं होने के कारण एलडीएफ को तीसरा कार्यकाल मिलेगा।
उन्होंने साथ ही कहा कि यूडीएफ सत्ता में नहीं आएगा क्योंकि उसके पास नेतृत्व का अभाव है और उसमें रोजाना ‘‘अंदरूनी कलह’’ रहेगी।
थॉमस ने कहा कि कांग्रेस के भीतर पहले से ही इस बात को लेकर लड़ाई है कि मुख्यमंत्री कौन होगा।
भाषा सिम्मी गोला
गोला