भुवनेश्वर, 11 अप्रैल (भाषा) दिल्ली पुलिस ने एक आतंकवादी संगठन से संबंध होने के संदेह में भुवनेश्वर निवासी 22 वर्षीय एक युवक को गिरफ्तार किया है। आधिकारिक बयान में शनिवार को यह जानकारी दी गई।
बयान में कहा गया कि आरोपी की पहचान गंगा नगर के यूनिट-6 क्षेत्र निवासी शेख इमरान के रूप में हुई है। इसमें बताया गया कि ओडिशा और दिल्ली पुलिस की संयुक्त टीम ने युवक को राष्ट्रविरोधी गतिविधियों संबंधी आरोप में शुक्रवार को गिरफ्तार किया।
इसमें कहा गया कि राष्ट्रीय राजधानी में दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ द्वारा एक सप्ताह पहले कुछ युवकों को पकड़े जाने और उनके सोशल मीडिया पोस्ट का विश्लेषण किए जाने के बाद इमरान पुलिस की जांच के दायरे में आया।
बयान के अनुसार, युवकों से पूछताछ और उनके सोशल मीडिया पोस्ट के विश्लेषण के आधार पर ओडिशा संपर्क का पता चला, जिसके बाद शेख इमरान को पकड़ा गया।
इसमें कहा गया कि पूछताछ में पता चला कि बेरोजगार युवक इमरान कट्टरपंथी समूह का सक्रिय सदस्य है।
बयान में कहा गया कि इमरान सोशल मीडिया पर एक ‘ग्रुप’ के संपर्क में आया था जिसमें राष्ट्रीय सुरक्षा के विरुद्ध हानिकारक कट्टर धार्मिक सामग्री साझा की जा रही थी।
उसे भुवनेश्वर के उपमंडलीय न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया जहां से उसे राष्ट्रीय राजधानी ले जाने के लिए ‘ट्रांजिट रिमांड’ पर लिया गया।
इमरान के कब्जे से एक मोबाइल फोन, एक लैपटॉप और अन्य सामग्री जब्त की गई।
भाषा
सिम्मी नेत्रपाल
नेत्रपाल