तारातला में निर्माणाधीन गोदाम हादसे के बाद पट्टाधारक ‘बेहरा ब्रदर्स’ चर्चा में आया

Ads

तारातला में निर्माणाधीन गोदाम हादसे के बाद पट्टाधारक ‘बेहरा ब्रदर्स’ चर्चा में आया

  •  
  • Publish Date - June 24, 2026 / 06:55 PM IST,
    Updated On - June 24, 2026 / 06:55 PM IST

कोलकाता, 24 जून (भाषा) कोलकाता के तारातला इलाके में बुधवार को ढहे निर्माणाधीन तीन मंजिला गोदाम का निर्माण बेहरा ब्रदर्स द्वारा श्यामा प्रसाद मुखर्जी बंदरगाह कोलकाता (एसएमपीके) से पट्टे पर ली गई जमीन पर कराया जा रहा था। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि उक्त स्थान पर गोदाम और शीत भंडार गृह का निर्माण किया जा रहा था। इस हादसे में कई मजूदूरों के फंसे होने की आशंका है।

बंदरगाह के एक अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि 6,689 वर्ग मीटर का भूखंड कोलकाता की कंपनी को 30 साल की अवधि के लिए पट्टे पर दिया गया है और यह अवधि एक अगस्त, 2024 से प्रभावी हुई है।

इस घटना और निर्माण परियोजना पर प्रतिक्रिया के लिए बेहरा ब्रदर्स के अधिकारियों से उनके मोबाइल और लैंडलाइन नंबरों पर संपर्क करने की कोशिशें की गईं, लेकिन खबर लिखे जाने तक उनका जवाब नहीं आया था।

बेहरा ब्रदर्स की स्थापना 1970 में की गई थी और यह कंपनी भंडारण और गोदाम सेवाओं के कारोबार से जुड़ी है तथा कई गोदामों का संचालन करती है।

कंपनी दावा करती है कि वह मुख्य रूप से चाय और अन्य उत्पादों के भंडारण की सुविधा प्रदान करती है और लॉजिस्टिक्स एवं आपूर्ति शृंखला प्रबंधन उसके कारोबार का अहम हिस्सा हैं। उसके ग्राहकों में प्रमुख तौर पर पेय पदार्थ कंपनियां शामिल हैं।

पट्टे पर ली गई ज़मीन पर बन रहे तीन मंज़िला गोदाम के बुधवार दोपहर ढह जाने से मलबे में कई मजूदर दब गए।

अंतिम जानकारी मिलने तक तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 18 लोगों के मलबे से निकाल लिये जाने की खबर है।

बचाव अभियान अब भी जारी है।

भाषा धीरज सुरेश

सुरेश