नीट मुद्दे पर तेलंगाना में वामपंथी छात्र संगठनों ने किया बंद का आह्वान

नीट मुद्दे पर तेलंगाना में वामपंथी छात्र संगठनों ने किया बंद का आह्वान

नीट मुद्दे पर तेलंगाना में वामपंथी छात्र संगठनों ने किया बंद का आह्वान
Modified Date: July 24, 2026 / 12:17 pm IST
Published Date: July 24, 2026 12:17 pm IST

हैदराबाद, 24 जुलाई (भाषा) राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) के आयोजन में कथित अनियमितताओं के विरोध में वामपंथी छात्र संगठनों के आह्वान पर शुक्रवार को तेलंगाना में शैक्षणिक संस्थान बंद रहे।

ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (एआईएसएफ) के प्रदेश सचिव पुट्टा लक्ष्मण ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और नीट-यूजी प्रश्नपत्र लीक मामले के दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग को लेकर बुलाया गया यह बंद सफल रहा है।

उन्होंने कहा कि स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई), एआईएसएफ और प्रोग्रेसिव डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स यूनियन (पीडीएसयू) सहित छात्र संगठनों ने माध्यमिक (11वीं और 12वीं कक्षा) से लेकर विश्वविद्यालय स्तर तक के शैक्षणिक संस्थानों को बंद रखने का आह्वान किया है।

लक्ष्मण ने बताया कि छात्र संगठन यहां नारायणगुडा से हिमायतनगर तक रैली भी निकालेंगे।

इस बीच, कांग्रेस और भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) ने भी कहा कि वे शुक्रवार को नीट-यूजी प्रश्नपत्र लीक के मुद्दे पर विरोध-प्रदर्शन करेंगे।

बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष के. टी. रामाराव पार्टी के छात्र प्रकोष्ठ की ओर से इंदिरा पार्क स्थित धरना चौक पर आयोजित प्रदर्शन में शामिल होंगे।

कांग्रेस ने एक विज्ञप्ति में कहा कि प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष एम. अंजन कुमार यादव आदर्श नगर स्थित एमएलए क्वार्टर से नेकलेस रोड पर इंदिरा गांधी की प्रतिमा तक निकाली जाने वाली रैली का नेतृत्व करेंगे।

इस बीच, वामपंथी छात्र संगठनों द्वारा बंद के आह्वान को देखते हुए उस्मानिया विश्वविद्यालय ने 24 जुलाई को होने वाली सभी परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं।

विश्वविद्यालय ने एक विज्ञप्ति में कहा कि स्थगित परीक्षाओं की संशोधित तारीखों की घोषणा बाद में की जाएगी।

भाषा गोला सिम्मी

सिम्मी


लेखक के बारे में