मिजोरम : तीन अलग-अलग अभियानों में 6.89 करोड़ रुपये से अधिक के मादक पदार्थ जब्त, दो गिरफ्तार

मिजोरम : तीन अलग-अलग अभियानों में 6.89 करोड़ रुपये से अधिक के मादक पदार्थ जब्त, दो गिरफ्तार

मिजोरम : तीन अलग-अलग अभियानों में 6.89 करोड़ रुपये से अधिक के मादक पदार्थ जब्त, दो गिरफ्तार
Modified Date: July 24, 2026 / 02:36 pm IST
Published Date: July 24, 2026 2:36 pm IST

आइजोल, 24 जुलाई (भाषा) मिजोरम में मादक पदार्थ रोधी तीन अलग-अलग अभियानों में 6.89 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए गए। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि इन बरामदगियों के सिलसिले में असम के एक व्यक्ति सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

उन्होंने बताया कि सबसे बड़ी बरामदगी 21 जुलाई की तड़के हुई, जब भारत-म्यांमा सीमा के निकट चंफाई जिले के मुअलरावत के पास जोखावथार-मेलबुक मार्ग पर स्कूटर सवार दो लोगों को रोका गया।

उन्होंने बताया कि पुलिस गश्ती दल को देखकर दोनों संदिग्ध स्कूटर छोड़कर फरार हो गए।

उन्होंने बताया कि स्कूटर की तलाशी लेने पर 6.73 किलोग्राम मेथामफेटामीन की गोलियां बरामद हुईं, जिनकी अनुमानित कीमत 4.75 करोड़ रुपये है।

इस संबंध में जोखावथार थाने में स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।

बयान में कहा गया कि 23 जुलाई को एक अन्य अभियान में विशेष पुलिस दल ने खुफिया सूचना के आधार पर सैतुअल जिले में एक ट्रक को रोका। वाहन की तलाशी के दौरान दो किलोग्राम मॉर्फीन बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2.09 करोड़ रुपये आंकी गई है।

पुलिस ने बताया कि असम के कछार जिले के तारापुर गांव निवासी ट्रक चालक कबीर हुसैन (30) को गिरफ्तार कर लिया गया।

उन्होंने बताया कि 15 जुलाई की शाम चंफाई पुलिस के विशेष कार्यबल ने खानकावन जांच चौकी पर एक कार को रोका। वाहन चालक के कब्जे से 24 ग्राम हेरोइन बरामद की गई, जिसकी कीमत करीब 4.8 लाख रुपये आंकी गई है।

बयान में कहा गया कि आरोपी की पहचान खावजावल जिले के हमुनचेंग गांव निवासी लालरिननुंगा के रूप में हुई है। उसके खिलाफ एनडीपीएस (स्वापक ओषधि और मन:प्रभावी पदार्थ) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

भाषा तान्या सिम्मी

सिम्मी


लेखक के बारे में