जयपुर, 12 मार्च (भाषा) राजस्थान के सीकर जिले में बृहस्पतिवार को एक तेंदुआ आवासीय क्षेत्र में घुस गया और एक घर के अंदर 65 वर्षीय महिला पर हमला कर दिया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
यह घटना रींगस कस्बे के वार्ड नंबर 23 में हुई। इस घटना से स्थानीय निवासियों में दहशत फैल गई।
लगभग पांच वर्षीय यह तेंदुआ सबसे पहले एक घर के आंगन में घुसा। परिवार के लोग जानवर को देखकर घबरा गए और बचने के लिए कमरों में बंद हो गए। इसके बाद तेंदुआ पास के श्रीराम कुमावत के घर में चला गया, जहां उसने आंची देवी (65) पर हमला कर दिया।
पुलिस ने बताया कि तेंदुए ने बुजुर्ग महिला के चेहरे पर झपट्टा मारा। घायल महिला को तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
जयपुर और सीकर से वन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और तेंदुए को पकड़ने के प्रयास शुरू किए। बाद में तेंदुआ एक गोदाम में घुस गया, जहां वन अधिकारियों ने उसे बेहोश कर काबू में कर लिया।
भाषा बाकोलिया शफीक
शफीक