उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने विकास कार्यों की समीक्षा करने के लिए की पुलवामा की यात्रा

Ads

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने विकास कार्यों की समीक्षा करने के लिए की पुलवामा की यात्रा

  •  
  • Publish Date - September 2, 2020 / 12:55 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:05 PM IST

श्रीनगर, दो सितंबर (भाषा) जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने विकास कार्यों की समीक्षा और कई परियोजनाओं का उद्घाटन करने के लिए बुधवार को आतंकवाद प्रभावित पुलवामा की यात्रा की । अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार सिन्हा ने हेलीकॉप्टर लेने से इनकार कर दिया जैसा कि सुरक्षा चिंताओं के मद्देनजर शीर्ष गणमान्यों के लिए परिपाटी है। उपराज्यपाल दक्षिण कश्मीर में आतंकवाद के केंद्र पुलवामा वाहन से गये।

अधिकारियों के मुताबिक उपराज्यपाल ने इस यात्रा के दौरान विकास परिदृश्य की समीक्षा की एवं कई प्रतिनिधिमंडलों के साथ संवाद किया।

उन्होंने कहा, ‘‘ सिन्हा ने प्रतिनिधिमंडलों को आश्वासन दिया कि उनकी जायज मांगों को निश्चित समय सीमा के अंदर पूरा करने की सभी कोशिश की जाएगी।’’

अधिकारियों के अनुसार उपराज्यपाल ने 40.86 करोड़ रूपये की 20 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया और 13.47 करोड़ रूपये की सात विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी।

सिन्हा मंगलवार को यहां हजरतबल गये तथा शांति एवं प्रगति और लोगों की समृद्धि की प्रार्थना की। उन्होंने धार्मिक नेताओं से कोविड-19 महामारी के खिलाफ लड़ाई में प्रभावी भूमिका निभाने का आह्वान किया।

पिछले ही महीने इस नव गठित संघशासित प्रदेश के प्रशासन की बागडोर संभालने वाले सिन्हा शहर में जगह जगह जा रहे हैं। वह अस्पतालों एवं सार्वजनिक सेवाओं की अन्य जगहों का औचक दौरा कर रहे हैं।

भाषा राजकुमार माधव

माधव