जम्मू, 21 मार्च (भाषा) जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने शनिवार को मत्स्य पालन विकास परियोजना के क्रियान्वयन के लिए 111.66 करोड़ रुपये के केंद्रीय अनुदान की मंजूरी को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय मत्स्य पालन मंत्री राजीव रंजन सिंह का आभार व्यक्त किया।
सिन्हा ने कहा कि यह राशि केंद्र शासित प्रदेश में मत्स्य क्षेत्र को मजबूत करने के उद्देश्य से जारी की गई है।
उन्होंने कहा, “मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और पंचायती राज एवं मत्स्य मंत्री राजीव रंजन सिंह का आभारी हूं कि उन्होंने जम्मू-कश्मीर में स्वीकृत उक्त परियोजना के क्रियान्वयन के लिए 111.66 करोड़ रुपये की केंद्रीय हिस्सेदारी जारी की।”
उन्होंने कहा कि मंत्रालय ने इस वित्त वर्ष में 10 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी की है और इसके उपयोग के बाद अतिरिक्त केंद्रीय सहायता दी जाएगी।
भाषा प्रचेता सुरभि
सुरभि