नयी दिल्ली, 21 मार्च (भाषा) पश्चिमी दिल्ली में दो भाइयों का अपहरण कर उनसे 40 लाख रुपये की नकदी समेत अन्य सामान लूटने के मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि पीड़ितों के परिचित आरोपी हरीश शर्मा उर्फ रिंकू ने घटना से एक दिन पहले बिक्री के बहाने उनसे आभूषण लिए थे।
पुलिस के अनुसार, 19 मार्च को दो भाई सागर शर्मा और मानिक आभूषणों का भुगतान लेने राजौरी गार्डन गए थे, जहां पुलिसकर्मी बनकर आए लोगों ने उन्हें अगवा कर लिया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपियों ने पीड़ितों से मारपीट कर 40 लाख रुपये की नकदी, मोबाइल, घड़ी, आभूषण और वाहन लूट लिये।
उन्होंने कहा कि आरोपी हरीश ने अपने सहयोगी चेतन उर्फ गुरप्रीत सिंह रंधावा और कुछ अन्य लोगों की संलिप्तता स्वीकार की है, जिनकी पहचान कर ली गई है और उनकी तलाश की जा रही है।
भाषा
प्रचेता देवेंद्र
देवेंद्र