राजस्थान के कई हिस्सों में हल्की बारिश, इस हफ्ते नया विक्षोभ सक्रिय होगा

Ads

राजस्थान के कई हिस्सों में हल्की बारिश, इस हफ्ते नया विक्षोभ सक्रिय होगा

  •  
  • Publish Date - March 16, 2026 / 02:45 PM IST,
    Updated On - March 16, 2026 / 02:45 PM IST

जयपुर, 16 मार्च (भाषा) राजस्थान के कुछ भागों में पिछले 24 घंटों में हल्की बारिश होने से तापमान में दो-चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई। यहां मौसम केंद्र ने यह जानकारी दी।

उसने बताया कि राज्य में एक नया पश्चिमी विक्षोभ इस सप्ताह सक्रिय होगा जिसके असर से कहीं-कहीं बारिश होने एवं आंधी चलने की संभावना है।

मौसम केंद्र के अनुसार पिछले 24 घंटों में भी राज्य के कुछ भागों में बादल गरजने के साथ हल्की बारिश हुई, फलस्वरूप पारा दो-चार डिग्री सेल्सियस लुढ़क गया।

मौसम केंद्र के मुताबिक अधिकतम तापमान चित्तौडगढ़ में 38.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान फतेहपुर (सीकर) में 11.7 डिग्री दर्ज किया गया।

उसका कहना है कि 16-17 मार्च को राज्य में मौसम शुष्क रहने की प्रबल संभावना है जबकि 18-21 मार्च के दौरान एक और नया मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा।

मौसम केंद्र के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के फलस्वरूप कहीं-कहीं 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने एवं बारिश होने की संभावना है।

केंद्र ने कहा कि 18 मार्च को जोधपुर एवं बीकानेर संभागों में कहीं-कहीं आंधी के साथ हल्की बारिश होने तथा शेष भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है। उसने कहा कि 19-20 मार्च को जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर एवं कोटा संभागों के कुछ भागों में 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने एवं बारिश होने की संभावना है।

भाषा पृथ्वी शोभना राजकुमार

राजकुमार

शीर्ष 5 समाचार