तमिलनाडु में स्थानीय निकाय चुनाव 2027 की शुरुआत तक टाले जाने की संभावना
तमिलनाडु में स्थानीय निकाय चुनाव 2027 की शुरुआत तक टाले जाने की संभावना
चेन्नई, 28 जुलाई (भाषा) तमिलनाडु में स्थानीय निकाय चुनाव अगले साल की शुरुआत तक टल सकते हैं, क्योंकि राज्य सरकार ने सातवें राज्य वित्त आयोग का कार्यकाल इस साल दिसंबर के अंत तक बढ़ा दिया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि स्थानीय निकायों के लिए वित्तीय वितरण तय करने के लिए नगर निकाय चुनाव सातवें राज्य वित्त आयोग से जुड़े हैं और बजट आवंटन सहित स्थानीय निकाय चुनावों की जरूरी तैयारियां भी इसी आकलन पर निर्भर करती हैं।
राज्य सरकार ने हाल में एक आदेश जारी कर आयोग का कार्यकाल 31 दिसंबर, 2026 तक बढ़ा दिया है। पहले इसका कार्यकाल 31 अगस्त 2026 को समाप्त होना था। ऐसे में स्थानीय निकाय चुनाव 2027 की शुरुआत में कराए जाने की संभावना जताई जा रही है।
पिछले स्थानीय निकाय चुनाव 19 फरवरी, 2022 को एक ही चरण में नगर निगमों, नगरपालिकाओं और नगर पंचायतों के लिए कराये गये थे।
भाषा
शुभम देवेंद्र
देवेंद्र

Facebook


