दिल्ली में एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति पूरी तरह स्थिर व पर्याप्त : मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता

Ads

दिल्ली में एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति पूरी तरह स्थिर व पर्याप्त : मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता

  •  
  • Publish Date - April 13, 2026 / 05:47 PM IST,
    Updated On - April 13, 2026 / 05:47 PM IST

नयी दिल्ली, 13 अप्रैल (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शहर में घरेलू और वाणिज्यक एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति पूरी तरह स्थिर, पर्याप्त और नियंत्रण में बताते हुए सोमवार को कहा कि आंकड़े दर्शाते हैं कि राष्ट्रीय राजधानी में वर्तमान में रसोई गैस की “उपलब्धता मांग से अधिक” है।

मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी बयान के मुताबिक, गुप्ता ने कहा कि 12 अप्रैल को 1,11,766 बुकिंग दर्ज की गईं, जबकि तीनों तेल विपणन कंपनियों (ओएमसी) ने मिलकर 1,30,094 सिलेंडरों की आपूर्ति की, जो बुकिंग से काफी अधिक है।

मुख्यमंत्री के मुताबिक, इससे यह स्पष्ट होता है कि लंबित बुकिंग को तेजी से निपटाया जा रहा है और आपूर्ति श्रृंखला मजबूत बनी हुई है।

उन्होंने कहा कि सिलेंडर आपूर्ति का औसत समय पहले के 4.24 दिन से घटकर वर्तमान में 3.87 दिन पर आ गया है।

मुख्यमंत्री ने बताया, “दिल्ली को प्रतिदिन 6,480 वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडरों (19 किलोग्राम) का आवंटन किया गया है। इसके मुकाबले पिछले एक सप्ताह में औसत दैनिक खपत केवल 4,268 सिलेंडर रही है, जिसमें पांच किलोग्राम के फ्री ट्रेड एलपीजी सिलेंडरों की खपत भी शामिल है। यह स्पष्ट रूप से दर्शाता है कि वर्तमान में उपलब्धता मांग से अधिक है।”

मुख्यमंत्री ने सभी वाणिज्यिक एलपीजी उपभोक्ताओं, खासकर पांच किलोग्राम सिलेंडर उपयोगकर्ताओं से अपील की है कि वे शांति बनाए रखें और किसी भी प्रकार की अनावश्यक चिंता या भंडारण से बचें।

उन्होंने कहा कि पूरे शहर में वितरण व्यवस्था पूरी तरह सुचारू रूप से कार्य कर रही है और पर्याप्त भंडारण उपलब्ध है।

गुप्ता ने आश्वस्त किया कि दिल्ली सरकार स्थिति पर प्रतिदिन करीब से नजर रख रही है और राजधानी में एलपीजी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

भाषा नोमान नोमान दिलीप

दिलीप