आस्था कुंज घटना के बाद एलएसआर ने बढ़ाई सुरक्षा, छात्राओं से की बातचीत

आस्था कुंज घटना के बाद एलएसआर ने बढ़ाई सुरक्षा, छात्राओं से की बातचीत

आस्था कुंज घटना के बाद एलएसआर ने बढ़ाई सुरक्षा, छात्राओं से की बातचीत
Modified Date: September 24, 2026 / 09:05 pm IST
Published Date: September 24, 2026 9:05 pm IST

नयी दिल्ली, 24 सितंबर (भाषा) दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के लेडी श्रीराम कॉलेज फॉर वूमेन (एलएसआर) ने आस्था कुंज पार्क में एक नाबालिग लड़की से कथित दुष्कर्म की घटना के बाद अपने परिसर के आसपास सुरक्षा उपाय बढ़ा दिए हैं।

अधिकारियों के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने गश्त बढ़ा दी है, स्ट्रीट लाइट की जांच की गयी है और कॉलेज के पास स्थित पुलिस बूथ पर तैनात कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

कॉलेज प्रशासन, छात्र संघ और दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने छात्राओं की सुरक्षा चिंताओं को दूर करने और कॉलेज के समन्वय से उठाए जा रहे कदमों के बारे में जानकारी देने के लिए उनके साथ एक खुली चर्चा भी की।

कॉलेज ने कहा कि ‘व्हाट्सऐप ग्रुप’ बनाया गया है जिसमें एलएसआर प्रशासन, छात्र संघ और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को शामिल किया गया है। इसके जरिए छात्राएं घटनाओं तथा चिंताओं की रिपोर्ट कर सकेंगी।

कॉलेज के पास ‘पिंक बूथ’ पर तैनात पुलिस कर्मियों को प्रभावी गश्त सुनिश्चित करने, अतिक्रमण हटाने और क्षेत्र में अवांछित तत्वों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

कॉलेज के अनुसार, बुधवार को पुलिस द्वारा किए गए सुरक्षा ऑडिट के बाद स्ट्रीट लाइट पर भी काम शुरू कर दिया गया है।

कॉलेज की पीछे वाली गली में गति अवरोधक भी बनाए गए हैं।

दिल्ली पुलिस ने कॉलेज के आसपास गश्त बढ़ा दी है। संयुक्त पुलिस आयुक्त विजय कुमार, पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) विनीत कुमार और थाना प्रभारी (एसएचओ) की उपस्थिति में छात्राओं के साथ एक बैठक आयोजित की गई।

विश्वविद्यालय के प्रॉक्टर मनोज कुमार सिंह और उनकी टीम ने भी विश्वविद्यालय की ओर से सहायता देने के लिए कॉलेज का दौरा किया।

कालकाजी मंदिर के पास आस्था कुंज पार्क के भीतर 17 वर्षीय लड़की से कथित सामूहिक दुष्कर्म के बाद छात्राओं ने सुरक्षा को लेकर चिंता जताई थी। घटनास्थल कॉलेज से करीब दो किलोमीटर दूर है।

कई छात्राओं ने बेहतर सुरक्षा बुनियादी ढांचे की मांग को लेकर बुधवार को आयोजित एकजुटता मार्च में भाग लिया।

इन चिंताओं के बीच, कॉलेज ने मंगलवार को कक्षाएं रद्द कर दी थीं और बुधवार को उन्हें ऑनलाइन संचालित किया था। बृहस्पतिवार को नियमित ऑफलाइन कक्षाएं फिर शुरू हो गईं।

भाषा नोमान नोमान अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में