लद्दाख के उपराज्यपाल ने लोगों के अधिकारों और सांस्कृतिक पहचान की रक्षा के लिए प्रतिबद्धता दोहराई
लद्दाख के उपराज्यपाल ने लोगों के अधिकारों और सांस्कृतिक पहचान की रक्षा के लिए प्रतिबद्धता दोहराई
लेह, 28 सितंबर (भाषा) लद्दाख के उपराज्यपाल कवींद्र गुप्ता ने रविवार को कर्फ्यू वाले लेह शहर में मौजूदा सुरक्षा स्थिति का आकलन करने के लिए एक उच्च-स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की तथा लोगों के अधिकारों और सांस्कृतिक पहचान की रक्षा के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
उपराज्यपाल ने लद्दाख की शांति की परंपराओं को बनाए रखने की अपील की और कहा कि केंद्र शासित प्रदेश की शांति एवं भाईचारे को किसी भी कीमत पर प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा।
राजभवन के एक प्रवक्ता ने बताया कि बैठक में मुख्य सचिव पवन कोतवाल, पुलिस महानिदेशक एस डी सिंह जामवाल, सीआरपीएफ के अतिरिक्त महानिदेशक राजेश कुमार और सेना तथा भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
उन्होंने कहा कि अधिकारियों ने उपराज्यपाल को नवीनतम घटनाक्रम, तैयारियों के उपायों तथा केंद्र शासित प्रदेश में शांति और व्यवस्था बनाए रखने में एजेंसियों के बीच समन्वय के बारे में जानकारी दी।
बैठक के दौरान, उपराज्यपाल ने कानून और व्यवस्था बनाए रखने के सर्वोच्च महत्व को रेखांकित किया और दोहराया कि प्रशासन लद्दाख की शांति और सद्भाव को भंग करने के किसी भी प्रयास को बर्दाश्त नहीं करेगा।
उन्होंने असामाजिक और विघटनकारी तत्वों को कड़ा और स्पष्ट संदेश देते हुए चेतावनी दी कि हिंसा भड़काने या अशांति पैदा करने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
भाषा शफीक नरेश
नरेश

Facebook


