उपराज्यपाल संधू ने डीडीए को रिज क्षेत्रों में नियमित पौधारोपण अभियान चलाने का दिया निर्देश

उपराज्यपाल संधू ने डीडीए को रिज क्षेत्रों में नियमित पौधारोपण अभियान चलाने का दिया निर्देश

उपराज्यपाल संधू ने डीडीए को रिज क्षेत्रों में नियमित पौधारोपण अभियान चलाने का दिया निर्देश
Modified Date: July 31, 2026 / 06:19 pm IST
Published Date: July 31, 2026 6:19 pm IST

नयी दिल्ली, 31 जुलाई (भाषा) उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू ने राष्ट्रीय राजधानी में एक लाख पौधे लगाने के दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) के व्यापक अभियान में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने डीडीए को निर्देश दिया कि वे पौधों को जीवित रखने और उनकी देखभाल सुनिश्चित करने के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करें।

प्राधिकरण की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक, संधू ने महाविद्यालयों एवं विद्यालयों के विद्यार्थियों, ‘रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन’ (आरडब्ल्यूए) के प्रतिनिधियों और सुबह टहलने वालों के साथ मिलकर कमला नेहरू रिज क्षेत्र में पौधे लगाए और पारिस्थितिकी ठीक करने के लिए जनांदोलन का आह्वान किया।

डीडीए ने दिल्ली में एक ही दिन में बड़े पैमाने पर पौधे लगाने का अभियान चलाया, जिसमें 77 जगहों पर एक लाख से ज़्यादा देसी पौधे और झाड़ियां लगाई गईं।

अरावली बायोडायवर्सिटी पार्क, आस्था कुंज पार्क, संजय वन, नरेला में हरित क्षेत्रों और उद्यानों, पश्चिम पुरी, हौज खास, वसंत उद्यान में ‘डिस्ट्रिक्ट पार्क’ तथा दिलशाद गार्डन डियर पार्क जैसे अन्य स्थानों पर भी पौधे लगाये गये।

संधू ने डीडीए को निर्देश दिया कि वह पौधे लगाने के अभियान को नियमित रूप से चलाए और शहर के दूसरे रिजे क्षेत्रों में भी इसे दोहराएं। उन्होंने कहा कि इस कार्य में युवाओं की बढ़चढ़कार भागीदारी हो।

उन्होंने प्राधिकरण को यह भी निर्देश दिया कि वे पौधे लगाने वाली सभी जगहों के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करें; जो यह सुनिश्चित करेंगे कि नये पौधे बचे रहें और बढ़ते रहें। उपराज्यपाल का कहना था कि इस कार्य के लिए नोडल अधिकारी को जवाबदेह बनाया जाए।

पौधारोपण अभियान में स्थानीय और जलवायु के अनुकूल पेड़-पौधों पर ध्यान दिया गया। इनमें पीपल, नीम, जामुन, अर्जुन, शीशम, कैलेंडर टेकोमा, बोगनवेलिया, मुरैया, हैमेलिया, चांदनी और अन्य पौधे शामिल थे, जिन्हें हर जगह के लिए मंज़ूर की गई योजना के अनुसार चुना गया था।

भाषा राजकुमार सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में