उपराज्यपाल सक्सेना ने लद्दाख में पांच नए जिलों के गठन को मंजूरी दी

Ads

उपराज्यपाल सक्सेना ने लद्दाख में पांच नए जिलों के गठन को मंजूरी दी

  •  
  • Publish Date - April 27, 2026 / 04:39 PM IST,
    Updated On - April 27, 2026 / 04:39 PM IST

लेह/जम्मू, 27 अप्रैल (भाषा) लद्दाख के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने क्षेत्र के लोगों की आकांक्षाओं और लंबित मांग को पूरा करते हुए सोमवार को केंद्र शासित प्रदेश में पांच नए जिलों के गठन को मंजूरी दे दी।

उन्होंने इस फैसले को लद्दाख के लिए ‘‘ऐतिहासिक दिन’’ बताया।

उपराज्यपाल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मैंने लद्दाख के लोगों की आकांक्षाओं और लंबित मांग को पूरा करते हुए पांच नए जिलों के गठन की अधिसूचना को मंजूरी दे दी है।’’

सक्सेना ने कहा कि पांच नए जिलों नुब्रा, शाम, चांगथांग, जांस्कर और द्रास के गठन के साथ, लद्दाख में अब सात जिले हो जाएंगे।

पहले लद्दाख में केवल दो जिले लेह और कारगिल थे। लद्दाख क्षेत्रफल के हिसाब से सबसे बड़ा केंद्र शासित प्रदेश है, लेकिन जनसंख्या के मामले में यह दूसरे सबसे कम आबादी वाले क्षेत्रों में आता है। यह क्षेत्र लगभग 86,904 वर्ग किलोमीटर में फैला हुआ है और इसकी सीमाएं चीन तथा पाकिस्तान से लगती हैं। 2011 की जनगणना के अनुसार यहां की जनसंख्या लगभग 2.74 लाख है।

सक्सेना ने पोस्ट में कहा, ‘‘यह फैसला प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित और समृद्ध लद्दाख के दृष्टिकोण के अनुरूप है।’’

उपराज्यपाल ने कहा कि ‘‘यह एक परिवर्तनकारी निर्णय है, जिसे पहले ही अगस्त 2024 में गृह मंत्रालय द्वारा मंजूरी दी जा चुकी है। गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में उठाया गया यह कदम जमीनी स्तर पर शासन को मजबूत करेगा, प्रशासन का विकेंद्रीकरण करेगा और लद्दाख के लोगों, विशेषकर दूर-दराज़ और दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक सार्वजनिक सेवाओं की तेज़ और बेहतर पहुंच सुनिश्चित करेगा।’’

लद्दाख के उपराज्यपाल ने कहा, ‘‘नए जिलों के गठन से न केवल शासन व्यवस्था नागरिकों के करीब आएगी, बल्कि विकास, रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर भी पैदा होंगे।’’

भाषा आशीष दिलीप

दिलीप