प्रधानमंत्री मोदी ने सिक्किम में बड़ा रोड शो किया

Ads

प्रधानमंत्री मोदी ने सिक्किम में बड़ा रोड शो किया

  •  
  • Publish Date - April 27, 2026 / 06:48 PM IST,
    Updated On - April 27, 2026 / 06:48 PM IST

(तस्वीरों के साथ)

गंगटोक, 27 अप्रैल (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार शाम सिक्किम की राजधानी गंगटोक में एक विशाल रोड शो का नेतृत्व किया।

सिक्किम राज्य की स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह के समापन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मोदी गंगटोक पहुंचे।

लेपचा कोट पहने मोदी का लिबिंग हेलीपैड पर राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर और मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने स्वागत किया।

हेलीपैड से प्रधानमंत्री ने रोड शो शुरू किया, जो लोक भवन में समाप्त होगा, जहां वह रात्रि प्रवास करेंगे।

खुली गाड़ी में मोदी के बाईं ओर मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग और दाईं ओर राज्य भाजपा अध्यक्ष डी.आर. थापा बैठे थे।

प्रधानमंत्री की एक झलक पाने के लिए सड़कों पर घंटों तक भारी भीड़ उमड़ती रही और लोग राष्ट्रीय ध्वज लहरा रहे थे। जैसे ही प्रधानमंत्री का काफिला पहुंचा, लोग जश्न मनाने लगे और उत्सव का माहौल बन गया।

रोड शो के मार्ग को सजाया गया था, कई जगहों पर मेहराबदार द्वार बनाए गए थे और सड़कों के किनारे प्रधानमंत्री के बड़े-बड़े कटआउट लगाए गए थे।

मंगलवार को मोदी गंगटोक स्थित ‘ऑर्किडेरियम’ का दौरा करेंगे। राज्य की पारिस्थितिकी और पुष्प विरासत को प्रदर्शित करने के लिए सिक्किम राज्य स्थापना की स्वर्ण जयंती पर एक विश्व स्तरीय ‘ऑर्किड अनुभव केंद्र’ के रूप में ‘स्वर्ण जयंती मैत्री मंजरी पार्क’ विकसित किया गया है।

मोदी पालजोर स्टेडियम में सिक्किम राज्य की स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने से जुड़े समारोह के समापन कार्यक्रम में भाग लेने के साथ 4,000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का अनावरण भी करेंगे।

ये परियोजनाएं अवसंरचना, संपर्क, स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, बिजली, शहरी विकास, पर्यावरण, पर्यटन और कृषि सहित कई क्षेत्रों को कवर करती हैं। इस अवसर पर मोदी सभा को संबोधित भी करेंगे।

पिछले वर्ष राज्य के रूप में सिक्किम के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित वार्षिक समारोह के उद्घाटन समारोह में उन्हें उपस्थित होना था, लेकिन खराब मौसम के कारण वे कार्यक्रम स्थल पर नहीं पहुंच सके थे। हालांकि, उन्होंने पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सभा को संबोधित किया था।

भाषा संतोष दिलीप

दिलीप