लुधियाना महापौर कार्यालय, दिलजीत दोसांझ के पैतृक आवास को बम से उड़ाने की धमकी

Ads

लुधियाना महापौर कार्यालय, दिलजीत दोसांझ के पैतृक आवास को बम से उड़ाने की धमकी

  •  
  • Publish Date - May 25, 2026 / 04:21 PM IST,
    Updated On - May 25, 2026 / 04:21 PM IST

लुधियाना, 25 मई (भाषा) लुधियाना नगर निगम कार्यालय को सोमवार को एक ईमेल प्राप्त हुआ जिसमें जिले में महापौर कार्यालय और पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के पैतृक आवास को बम विस्फोट से उड़ाने की धमकी दी गई। हालांकि तलाश में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि तलाश के दौरान कोई विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। उन्होंने यह भी कहा कि सुरक्षा बढ़ा दी गई है और साइबर टीम ईमेल के स्रोत की जांच कर रही हैं।

पुलिस बम निरोधक दस्ते और खोजी कुत्तों की टीम के साथ दोनों स्थानों पर पहुंची और दुगरी में महापौर कार्यालय एवं दोसांझ के पैतृक आवास पर तलाशी अभियान चलाया।

पुलिस ने बताया कि पंजाब में सोमवार से सरकारी दफ्तरों का समय सुबह कर दिया गया था, इसलिए सुबह धमकी मिलने तक सभी कर्मचारी पहले ही दफ्तर आ चुके थे।

पुलिस ने बताया कि एहतियात के तौर पर जोन ए के पूरे नगर निगम परिसर को खाली कराया गया।

पंजाब और हरियाणा के कई प्रतिष्ठानों को पिछले कुछ हफ्तों में इसी तरह की धमकियों मिली हैं, जहां बाद में ऐसे ईमेल फर्जी निकले। कुछ दिन पहले लुधियाना के कुछ स्कूलों को इसी तरह की धमकी मिली थी।

भाषा आशीष माधव

माधव