सागर (मप्र), सात सितंबर (भाषा) मध्यप्रदेश के सागर जिले में जहरीली शराब के सेवन से सोमवार तड़के एक अन्य व्यक्ति की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है और करीब 30 लोग चिकित्सकीय निगरानी में हैं, जिनमें दो की हालत गंभीर है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने इस मामले में दर्ज प्राथमिकी में नामजद 30 आरोपियों में से 14 को गिरफ्तार कर लिया है।
अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब के कारोबारियों के खिलाफ व्यापक अभियान शुरू किया गया है।
सागर रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक शशीन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि पीड़ितों के परिजनों की शिकायत पर तीन अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई हैं।
जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर बंडा तहसील के दो गांवों में रविवार को कथित तौर पर जहरीली शराब पीने से 11 लोगों की मौत हो गई थी और 54 अन्य बीमार पड़ गए थे। बीमार लोगों ने धुंधला दिखाई देने और चक्कर आने जैसी शिकायतें की थीं।
सागर की जिलाधिकारी प्रतिभा पाल ने बताया कि सोमवार तड़के एक और व्यक्ति की मौत हो गई, जिससे मृतकों की संख्या 12 हो गई।
उन्होंने बताया कि 25 से 30 लोग चिकित्सकीय निगरानी में हैं और दो की हालत गंभीर है।
उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से बीमार एक व्यक्ति को बेहतर उपचार के लिए रविवार को विमान से भोपाल ले जाया गया।
पाल ने कहा कि प्राथमिकी में नामजद 30 आरोपियों में से 14 को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
उन्होंने बताया कि पुलिस और आबकारी विभाग ने अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई शुरू कर दी है। राजस्व विभाग की टीम गांव के प्रतिनिधियों के साथ घर-घर जाकर शराब की बोतलों की जांच कर रही हैं।
चौहान ने बताया कि पुलिस उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले के लोगों और स्थानीय शराब ठेकेदार के बीच संभावित सांठगांठ की भी जांच कर रही है।
जिलाधिकारी ने रविवार को कहा था कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शराब ललितपुर से लाई गई थी।
इस घटना के सिलसिले में तीन आबकारी अधिकारियों और दो पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं और कहा है कि दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि शराब पीने के बाद उल्टी, सिरदर्द या बुखार जैसे लक्षण महसूस होने पर वे तत्काल स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर चिकित्सकीय जांच कराएं।
भाषा सं दिमो खारी
खारी