धार (मध्यप्रदेश), 16 मार्च (भाषा) मध्यप्रदेश के धार जिले में बैंक से लिए गए कर्ज को चुकाने के बावजूद जब अधिकारियों ने कथित तौर पर डेढ़ महीने बाद भी अनापत्ति प्रमाण-पत्र (एनओसी) देने में आनाकानी की तो सोमवार को एक किसान और उसके परिजन बैंककर्मियों को ‘जगाने’ के लिए ढोल नगाड़े लेकर पहुंच गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इतना ही नहीं किसान और परिवार के सदस्यों ने बैंक के अंदर जमकर डांस भी किया, जिसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
जिला मुख्यालय से 15 किलोमीटर दूर चंदवाडा गांव के किसान विजय पाटीदार ने धार में स्थित आईडीएफसी बैंक से 13 लाख रुपये का किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) लिया था और उसने एक महीने पहले ही बैंक का पूरा पैसा भर दिया था।
उन्होंने बताया कि वह पिछले करीब डेढ़ महीने से एनओसी के लिए बैंक का चक्कर काट रहे हैं लेकिन बैंक के अधिकारी उन्हें ‘तारीख पर तारीख’ दे रहे हैं।
पाटीदार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि सुनवाई न होता देख उन्होंने बैंक के अधिकारियों को ‘जगाने’ के लिए यह कदम उठाया।
किसान के मुताबिक उनके इस कदम के बाद बैंक प्रबंधक ने उन्हें जल्द से जल्द एनओसी देने का आश्वासन दिया है।
पाटीदार ने बताया कि इस आश्वासन के बाद वे वहां से लौट आए लेकिन साथ ही कहा कि यदि जल्द ही उन्हें एनओसी नहीं दी गई तो वे बैंक के सामने ही धरना प्रदर्शन करेंगे।
इस सिलसिले में जब बैंक के अधिकारियों से बात की गई तो उन्होंने कुछ भी कहने से इंकार कर दिया।
भाषा सं ब्रजेन्द्र जोहेब
जोहेब