नर्मदापुरम, सात फरवरी (भाषा) मध्यप्रदेश के नर्मदापुरम जिले में शुक्रवार देर रात तेज रफ्तार एक कार पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नहर में जा गिरी, जिससे वाहन में सवार तीन युवकों की मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह हादसा इटारसी-पथरोटा मार्ग स्थित पथरोटा नहर पुल पर रात करीब 12 बजे हुआ।
इटारसी के अनुविभागीय पुलिस अधिकारी वीरेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि कार चालक लकी पटेल (30), शिवम तिवारी (26) और अभय उर्फ अभि चौहान (19) की नहर में डूबने से मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि वाहन समेत तीनों शव बरामद कर लिए गए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि इटारसी की ओर से आ रही कार अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए सीधे नहर में जा गिरी।
उन्होंने बताया कि वाहन सवारों ने शीशे खोलकर बाहर निकलने का प्रयास किया और मदद के लिए चिल्लाए लेकिन कार के दरवाजे लॉक हो गए और वाहन नहर में डूब गया।
अधिकारी ने बताया कि तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया और घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
भाषा सं दिमो नेत्रपाल जितेंद्र
जितेंद्र