अहमदाबाद, 16 अप्रैल (भाषा) गुजरात में 26 अप्रैल के लिए होने वाले स्थानीय निकाय चुनाव से पहले सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बृहस्पतिवार को तीन महत्वपूर्ण नगर निगमों–अहमदाबाद, सूरत और राजकोट के लिए अपने घोषणापत्र जारी किए तथा बुनियादी ढांचे के विस्तार, प्रौद्योगिकी-आधारित शासन और बेहतर परिवहन का वादा किया है।
इन तीनों नगर निगमों में वर्तमान में भाजपा का शासन है।
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार स्थानीय निकायों के लिए मतदान 26 अप्रैल को होगा, जबकि मतगणना 28 अप्रैल को की जाएगी।
ये चुनाव 34 जिला पंचायतों, 260 तालुका पंचायतों, 84 नगरपालिकाओं और अहमदाबाद, सूरत और राजकोट समेत 15 नगर निगमों में होंगे।
अहमदाबाद के लिए ‘संकल्प पत्र-2026’ जारी करते हुए गुजरात के ऊर्जा मंत्री ऋषिकेश पटेल ने कहा कि शहर को झुग्गी-मुक्त बनाने के लिए करीब 50,000 मकान बनाए जाएंगे।
पार्टी ने यातायात जाम से निपटने के लिए 17 ओवरब्रिज और तीन अंडरपास बनाने का वादा किया है। इसके अलावा, यातायात प्रबंधन बेहतर बनाने के लिए पूरे शहर में कृत्रिम मेधा (एआई)-आधारित यातायात सिग्नल प्रणाली लागू करने की योजना है।
घोषणापत्र में नवीकरणीय ऊर्जा पर भी जोर दिया गया है, जिसमें मौजूदा 43 प्रतिशत से बढ़ाकर 100 प्रतिशत तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें जलाशयों में सौर संयंत्र लगाने की परियोजनाएं भी शामिल हैं।
भाजपा ने यह भी कहा कि अहमदाबाद 2030 राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी की तैयारी कर रहा है और इसके लिए हर जोन में लघु खेल परिसर विकसित किए जाएंगे।
सूरत के लिए घोषणापत्र में एकीकृत परिवहन और बड़े पैमाने पर शहरी बदलाव पर जोर दिया गया है। प्रमुख वादों में एक ‘वन सिटी-वन कार्ड’ योजना के तहत मेट्रो, बीआरटीएस और सिटी बस में एक ही भुगतान प्रणाली से यात्रा संभव बनाने का प्रस्ताव है। पार्टी ने सार्वजनिक परिवहन को शत प्रतिशत इलेक्ट्रिक बस में बदलने का ठाना है।
सूरत रेलवे स्टेशन को अंतरराष्ट्रीय स्तर के बहुविध परिवहन केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है, जहां रेल, राज्य परिवहन, सिटी बस, बीआरटीएस और मेट्रो सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी।
घोषणापत्र में सूरत मेट्रो के पहले चरण को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर भी जोर दिया गया है, जो दो प्रमुख कॉरिडोर में 40 किलोमीटर से अधिक क्षेत्र में फैला हुआ है।
भाजपा ने सूरत को मनोरंजन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए मनोरंजन पार्क और अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं विकसित करने का भी वादा किया है।
राजकोट के लिए घोषणापत्र में पर्यटन, रोजगार सृजन और विकेंद्रीकृत स्वास्थ्य सेवाओं पर जोर दिया गया है। गिर की तर्ज पर ‘लायन सफारी पार्क’ स्थापित करने का प्रस्ताव है, जिससे स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
इसके अलावा, लालपरी झील और न्यारी बांध को अंतरराष्ट्रीय स्तर के पर्यटन स्थलों के रूप में विकसित करने, अटल सरोवर के पास एक बड़े सम्मेलन केंद्र और ‘ओपन-एयर थिएटर’ बनाने की योजना है।
भाषा खारी राजकुमार
राजकुमार