गोंदिया (महाराष्ट्र), दो मार्च (भाषा) महाराष्ट्र के गोंदिया जिले की अर्जुनी मोरगांव तहसील के एक गांव में तेंदुए के हमले में 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई है।
अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि घटना सोमवार को केशोरी रेंज के चिचतोला गांव के जंगलों में हुई।
उन्होंने कहा कि मवेशी चराने गए लक्ष्मण भोगारे के देर शाम तक नहीं लौटने पर गांव के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की। उनका शव जंगल में मिलने के बाद वन विभाग को इसकी सूचना दी गई।
उन्होंने बताया कि पोस्टमॉर्टम में यह पुष्टि हुई कि भोगारे की मौत तेंदुए के हमले में घायल होने से हुई है। शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि गांव के लोग भोगारे के परिजनों को अनुग्रह राशि देने की मांग कर रहे हैं और ऐसे हमलों को रोकने के लिए वन विभाग से कदम उठाने का अनुरोध किया है।
भाषा अर्पणा मानसी
मानसी