(तस्वीरों के साथ)
चंडीगढ़, 19 जुलाई (भाषा) केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने रविवार को पंजाब के दौरे में घोषणा की कि उनकी पार्टी राज्य की सभी विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी करेगी।
पासवान पीली पगड़ी पहने अमृतसर पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी मां के साथ स्वर्ण मंदिर में मत्था टेका। वह जलियांवाला बाग भी गए।
अपनी पंजाबी जड़ों का उल्लेख करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पंजाब उनका ‘ननिहाल’ है। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप), कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल लगातार जनता का भरोसा खो रहे हैं।
खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री ने जालंधर स्थित डेरा सचखंड बल्लां जाकर डेरा प्रमुख संत निरंजन दास से मुलाकात की। उन्होंने जालंधर में भगवान वाल्मीकि की प्रतिमा पर पुष्पांजलि भी अर्पित की।
इससे पहले अमृतसर में पत्रकारों से बातचीत में पासवान ने ‘आप’ नीत राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पंजाब के भविष्य के लिए यह सरकार सही विकल्प नहीं हो सकती, क्योंकि इस पार्टी ने दिल्ली में 10 साल तक शासन करते हुए उसे ‘‘लूटा।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब के लोगों ने ‘आप’ को सरकार बनाने का मौका दिया, लेकिन पार्टी इसके बजाय भ्रष्टाचार में लिप्त हो गई।
पासवान ने राज्य में नशे की समस्या को लेकर भी ‘आप’ सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, ‘‘जहां तक मेरी जानकारी है, पंजाबी लोग ‘आप’ से पूरी तरह तंग आ चुके हैं और वे बदलाव चाहते हैं।’’
पासवान ने कहा कि वह पंजाब में अपनी पार्टी को मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं।
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा, ‘‘मुझे नहीं पता कि भविष्य में कोई गठबंधन होगा या हम कितनी सीटों पर चुनाव लड़ पाएंगे। इसके बावजूद हम सभी सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं।’’
शिरोमणि अकाली दल पर निशाना साधते हुए पासवान ने कहा कि यह पार्टी लंबे समय तक पंजाब की सत्ता में रही और उसके शासन के तरीके तथा उसके कार्यकाल में विकास की कमी सबके सामने है।
कांग्रेस में कथित अंदरूनी कलह पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस में जो स्थिति पहले (नवजोत सिंह) सिद्धू जी और कैप्टन साहब (अमरिंदर सिंह) के बीच थी, वही स्थिति अब (चरणजीत सिंह) चन्नी और प्रदेश अध्यक्ष (अमरिंदर सिंह राजा वडिंग) के बीच बनी हुई है।’’
पासवान ने कहा कि तीनों दल धीरे-धीरे जनता का भरोसा खो रहे हैं।
पासवान ने कहा, ‘‘पंजाब मेरा ननिहाल है। मेरी मां सरदारनी हैं। मेरे नेता और पिता रामविलास पासवान हमेशा चाहते थे कि पार्टी अन्य राज्यों में भी अपना विस्तार करे और वहां अपनी मौजूदगी मजबूत बनाए। उनकी इच्छा के अनुरूप हम अलग-अलग राज्यों में लोजपा (रामविलास) का विस्तार कर रहे हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हम उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारी कर रहे हैं। पंजाब में भी चुनाव होने हैं और पार्टी संगठन इस दिशा में काम कर रहा है।’’
दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के प्रदर्शन और सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल के बारे में पूछे जाने पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में लोगों को प्रदर्शन करने का अधिकार है, लेकिन इस तरह भूख हड़ताल करना सही तरीका नहीं है और बातचीत की जानी चाहिए।
भाषा
सिम्मी संतोष
संतोष