बेंगलुरु, 19 जुलाई (भाषा) कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने कर्नाटक एग्रीटेक मिशन-2026′ और 15,000 शिक्षकों की भर्ती को मंजूरी देने समेत मंत्रिमंडल द्वारा लिए गए कई फैसलों की रविवार को घोषणा की।
शिवकुमार ने यह भी बताया कि मंत्रिमंडल ने कर्नाटक लोक सेवा आयोग (केपीएससी) के अध्यक्ष शिवशंकरप्पा एस साहूकार को निलंबित करने के राज्यपाल के फैसले को मंजूरी दे दी है।
मंत्रिमंडल की बैठक के बाद पत्रकारों को संबोधित करते हुए शिवकुमार ने कहा कि सरकार ने पिछड़े वर्गों और घुमंतू समुदायों के लिए कल्याणकारी पहलों को स्वीकृति प्रदान की है। इसके अलावा, नये चिकित्सा बुनियादी ढांचे, सिंचाई और सड़क विकास परियोजनाओं को भी मंजूरी दी गई है।
मंत्रिमंडल ने ‘कर्नाटक एग्रीटेक मिशन-2026’ को मंजूरी दी। इसके तहत उपग्रह डेटा, ड्रोन सर्वेक्षण और मौसम के पूर्वानुमान का इस्तेमाल करके किसानों को फसल की योजना बनाने, बुआई करने तथा कीट और रोग नियंत्रण से जुड़े फैसलों को लेकर सलाह दी जाएगी।
शिवकुमार ने कहा कि मंत्रिमंडल ने रायचूर स्थित भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईआईटी) में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) उत्कृष्टता केंद्र स्थापित करने को मंजूरी दे दी है। उन्होंने कहा कि कल्याण कर्नाटक क्षेत्र में यह अपनी तरह की पहली पहल होगी, जिसके लिए अगले पांच वर्षों में करीब 12 से 15 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
मंत्रिमंडल ने स्कूल शिक्षा विभाग में 15,000 शिक्षकों की भर्ती को भी स्वीकृति प्रदान की।
भाषा प्रचेता सिम्मी
सिम्मी