भुवनेश्वर, 19 जुलाई (भाषा) ओडिशा पुलिस ने रविवार को ड्रोन, फ्लेयर गन (मदद का संकेत देने वाली बंदूक) और रॉकेट पटाखों की मदद से भुवनेश्वर के बाहरी इलाके में स्थित एक आरक्षित वन से एक महिला को सुरक्षित बचा लिया।
अधिकारियों ने बताया कि महिला कथित तौर पर दुष्कर्म के प्रयास से बचकर भागने के बाद जंगल में चली गई थी।
पुलिस के अनुसार, महिला ने खुर्दा बस अड्डे से एक मोटरसाइकिल सवार से ‘लिफ्ट’ ली थी। आरोप है कि मोटरसाइकिल चालक महिला के साथ यौन उत्पीड़न करने के इरादे से उसे रतनपुर आरक्षित वन की ओर ले गया।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने महिला के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया और महिला ने उसका विरोध किया तथा वहां से बचकर आरक्षित वन क्षेत्र में भाग गई। भागते समय वह जंगल में रास्ता भटक गई।
पुलिस ने बताया कि इस संबंध में इंफोवैली थाने में दुष्कर्म के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
उसने बताया कि वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।
भाषा प्रचेता सिम्मी
सिम्मी