महाराष्ट्र: 1.5 लाख के कर्ज को लेकर दोस्त की हत्या, गिरफ्तार

महाराष्ट्र: 1.5 लाख के कर्ज को लेकर दोस्त की हत्या, गिरफ्तार

महाराष्ट्र: 1.5 लाख के कर्ज को लेकर दोस्त की हत्या, गिरफ्तार
Modified Date: February 3, 2026 / 03:02 pm IST
Published Date: February 3, 2026 3:02 pm IST

बीड, तीन फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र के बीड जिले में एक व्यक्ति ने अपनी शादी से एक दिन पहले ही अपने दोस्त की कथित तौर पर हत्या कर दी। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि आरोपी को डर था कि 1.5 लाख रुपये का कर्ज न चुकाने के कारण उसका दोस्त शादी समारोह में हंगामा खड़ा कर सकता है।

पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान चांद उर्फ गुड्डू तंबोली (30) के रूप में हुई है और उसका शव सोमवार सुबह शिरूर कासार तहसील के खोकरमोह गांव के बाहरी इलाके में मिला।

पुलिस ने बताया कि चांद के सिर पर भारी वस्तु से वार कर हत्या की गई थी।

पुलिस के मुताबिक, जांच में सामने आया कि चांद ने अपने दोस्त अतीक तंबोली को 1.5 लाख रुपये उधार दिए थे और वह लगातार अपने पैसे वापस मांग रहा था।

स्थानीय अपराध शाखा के एक अधिकारी ने बताया कि चांद ने कथित तौर पर धमकी दी थी कि अगर उसने (तंबोली) पैसे नहीं लौटाए, तो वह सोमवार को विवाह स्थल पर पहुंचकर हंगामा करेगा।

अधिकारी ने बताया कि इस धमकी से परेशान और शादी के दिन सामाजिक बदनामी के डर से अतीक ने अपने दोस्त को रास्ते से हटाने का फैसला किया।

उन्होंने बताया कि आरोपी ने रविवार रात को चांद को एक सुनसान जगह पर बुलाया और पत्थर से उसके सिर पर वार कर उसकी हत्या कर मौके से फरार हो गया।

अधिकारी ने बताया कि सोमवार को शव मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर तकनीकी निगरानी और स्थानीय सूचना के आधार पर सोमवार देर रात उसे बीड शहर से गिरफ्तार कर लिया गया।

भाषा प्रचेता जितेंद्र

जितेंद्र


लेखक के बारे में