महाराष्ट्र : अस्पताल में महिला की सर्जरी के बाद पेट में दस्ताने और कागज छूटे, जांच के आदेश
महाराष्ट्र : अस्पताल में महिला की सर्जरी के बाद पेट में दस्ताने और कागज छूटे, जांच के आदेश
बीड (महाराष्ट्र), 19 अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र के बीड जिले के एक सरकारी अस्पताल में सिजेरियन ऑपरेशन के बाद 19 वर्षीय महिला के पेट में कथित तौर पर दस्ताने और कागज छूट जाने का मामला सामने आया है, जिसके बाद जांच शुरू की गई है। एक वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि इस कथित लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए, सिविल सर्जन डॉ. सतीशकुमार सोलंके ने ऑपरेशन करने वाले चिकित्सक को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
अधिकारियों के मुताबिक, वडवानी गांव की रहने वाली संध्या सूरज गायकवाड़ को एक अगस्त की सुबह प्रसव के लिए बीड जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसी शाम उनका सिजेरियन ऑपरेशन किया गया।
हालांकि, ऑपरेशन के बाद मरीज को पेट में बहुत तेज दर्द और ऑपरेशन के बाद होने वाली जटिलताओं का सामना करना पड़ा।
अधिकारी ने बताया कि जब संध्या के परिवार वाले उन्हें एक निजी अस्पताल ले गए, तो मेडिकल जांच में उनके पेट के अंदर बाहरी चीजें दिखाई दीं।
उन्होंने बताया कि महिला के रिश्तेदारों ने मंगलवार को जिला अस्पताल प्रशासन के पास शिकायत दर्ज कराई।
अधिकारी ने बताया कि मामला स्वास्थ्य सेवा उप निदेशक (लातूर सर्कल) तक पहुंचने के बाद, एक विशेष जांच समिति गठित की गई।
अधिकारी ने बताया कि जांच समिति बुधवार दोपहर बीड जिला अस्पताल पहुंची और जांच शुरू कर दी।
भाषा शफीक वैभव
वैभव

Facebook


