गोंदिया, 23 अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र के भंडारा जिले में रविवार को खराब मौसम के कारण दृश्यता प्रभावित होने के बाद चार लोगों को लेकर जा रहे एक हेलीकॉप्टर को झील के पास आपात स्थिति में उतारा गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि मोहाड़ी तहसील में मोहगांव-निलज रोड के पास हुई इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ।
एक अधिकारी ने कहा, ‘एक निजी कंपनी का हेलीकॉप्टर नागपुर से रायपुर जा रहा था, तभी सुबह करीब 11 बजे पायलट को खराब मौसम का सामना करना पड़ा।’
उन्होंने बताया कि हेलीकॉप्टर कुछ समय तक भिसारी झील के ऊपर मंडराता रहा और उसके बाद आपात स्थिति में उतारा गया।
अधिकारियों ने बताया कि झील में फिलहाल पानी का स्तर कम होने के कारण वहां काफी खुली जगह है, जहां पायलट ने हेलीकॉप्टर उतारने का फैसला किया।
उन्होंने बताया कि करीब एक घंटे तक वहां रुकने के बाद मौसम की स्थिति में सुधार होने पर हेलीकॉप्टर ने नागपुर के लिए उड़ान भरी।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी अभिषेक नामदास ने कहा, ‘हेलीकॉप्टर में चार लोग सवार थे और सभी सुरक्षित हैं।’
गोंदिया के बिरसी हवाई अड्डे के निदेशक गिरीशचंद्र वर्मा के अनुसार, उन्हें सूचना मिली थी कि पायलट उनके हवाई अड्डे पर उतरना चाहता है, लेकिन बाद में उसने नागपुर लौटने का फैसला किया।
भाषा
राखी नरेश
नरेश