महाराष्ट्र: चोरों ने एसयूवी से उखाड़ना चाहा एटीएम, साजिश नाकाम

महाराष्ट्र: चोरों ने एसयूवी से उखाड़ना चाहा एटीएम, साजिश नाकाम

महाराष्ट्र: चोरों ने एसयूवी से उखाड़ना चाहा एटीएम, साजिश नाकाम
Modified Date: August 5, 2025 / 11:50 am IST
Published Date: August 5, 2025 11:50 am IST

छत्रपति संभाजीनगर, पांच अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर शहर में चार चोरों ने एक एटीएम को तोड़ने और एसयूवी की मदद से उसे उखाड़ने की कोशिश की। अपने प्रयासों में असफल रहने के बाद वे फरार हो गए। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि इस संबंध में अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

यह घटना शाहनूरवाड़ी स्थित भारतीय स्टेट बैंक के एटीएम बूथ पर सोमवार तड़के तीन से चार बजे के बीच हुई।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि चार लोग एक स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (एसयूवी) में आए और पीले रंग की बेल्ट से एटीएम को एसयूवी से बांध दिया। उन्होंने वाहन की मदद से एटीएम को खींचने की कोशिश की लेकिन सफल नहीं हुए।

उन्होंने बताया कि चोरों ने एटीएम कक्ष के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए और नकद निकालने वाली मशीन को पेचकस की मदद से खोलने की कोशिश की, पर उसमें भी नाकाम रहने पर वहां से भाग गए।

अधिकारी ने बताया कि बैंक के शाखा प्रबंधक की शिकायत के बाद सोमवार को जवाहरनगर थाने में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत चोरी, क्षति पहुंचाने और आपराधिक कृत्य में साझा मंशा के तहत मामला दर्ज किया गया।

भाषा सुमित सुरभि

सुरभि


लेखक के बारे में