माझी ने ‘खड़ी छुआन’ अनुष्ठान किया, कहा-कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रहेगा

माझी ने ‘खड़ी छुआन’ अनुष्ठान किया, कहा-कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रहेगा

माझी ने ‘खड़ी छुआन’ अनुष्ठान किया, कहा-कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रहेगा
Modified Date: April 4, 2026 / 06:00 pm IST
Published Date: April 4, 2026 6:00 pm IST

भुवनेश्वर, चार अप्रैल (भाषा) ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने विद्यालयों में पहली बार प्रवेश लेने वाले छात्रों के लिए शनिवार को यहां एक समारोह में पारंपरिक ‘खड़ी छुआन’ अनुष्ठान किया जो शिक्षा की शुरुआत का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि राज्य में कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रहेगा।

पेशे से शिक्षक रहे माझी ने राज्य स्तरीय ‘खड़ी छुआन’ कार्यक्रम के आयोजन स्थल राजभवन सरकारी उच्च प्राथमिक विद्यालय में बच्चों के हाथ पकड़कर उन्हें चाक और स्लेट से उड़िया में ‘मां-बाप’ लिखना सिखाया।

मुख्यमंत्री ने बच्चों से बातचीत करते हुए उनकी सहजता और मानसिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए उनके नाम, उनके पिता का नाम और सुबह उन्होंने क्या खाया था, जैसे प्रश्न पूछे।

उन्होंने बच्चों के लिए तैयार की गई विषय-आधारित शैक्षणिक सामग्री की प्रदर्शनी को भी देखा और बच्चों में शैक्षणिक सहायता किट वितरित कीं।

माझी ने कहा कि यह अनुष्ठान उड़िया संस्कृति की एक पवित्र परंपरा है जिसमें बच्चों को बहुत कम उम्र में ही शिक्षा से परिचित कराया जाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने विभिन्न विद्यालयों में खोले गए ‘शिशु वाटिका’ केंद्रों में बच्चों को लाने के लिए अभिभावकों को लगभग पांच लाख निमंत्रण पत्र वितरित किए हैं ताकि पंजीकरण की संख्या बढ़ाई जा सके।

उन्होंने कहा, ‘‘हम ‘खड़ी छुआन’ को ग्राम स्तर से लेकर राज्य की राजधानी तक एक उत्सव के रूप में आयोजित करते हैं। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि राज्य में कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। हम बच्चों और उनके अभिभावकों में शिक्षा के प्रति रुचि पैदा करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं। हमारा लक्ष्य 100 प्रतिशत पंजीकरण है।’’

भाषा संतोष सिम्मी

सिम्मी


लेखक के बारे में