चेन्नई हवाईअड्डे पर मादक पदार्थ की तस्करी के आरोप में मलेशियाई नागरिक गिरफ्तार
चेन्नई हवाईअड्डे पर मादक पदार्थ की तस्करी के आरोप में मलेशियाई नागरिक गिरफ्तार
चेन्नई, नौ अगस्त (भाषा) चेन्नई सीमा शुल्क की हवाई खुफिया इकाई (एआईयू) ने सात अगस्त को चेन्नई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर चार किलोग्राम से अधिक हाइड्रोपोनिक गांजा तस्करी करने के प्रयास के आरोप में मलेशिया के एक नागरिक को पकड़ा है।
यात्री की प्रोफाइलिंग के आधार पर कार्रवाई करते हुए सीमा शुल्क अधिकारियों ने उसे उस समय रोका, जब वह अनिवार्य घोषणा किए बिना ग्रीन चैनल से बाहर निकलने का प्रयास कर रहा था। वह बैंकॉक से उड़ान के जरिए चेन्नई पहुंचा था।
इसके बाद यात्री के चेक-इन बैग की एक्स-रे जांच में संदिग्ध वस्तुएं दिखाई दीं, जिसके बाद अधिकारियों ने सामान की विस्तृत तलाशी ली।
सीमा शुल्क के संयुक्त आयुक्त के एम गुरु राजेश द्वारा शनिवार देर रात जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, तलाशी के दौरान अधिकारियों ने चार पैकेट बरामद किए। इनमें हरे रंग का गांठदार पदार्थ था, जिसमें से तेज गंध आ रही थी।
प्रतिबंधित पदार्थ को चेक-इन बैग के अंदर बनाए गए गुप्त खांचों में छिपाकर रखा गया था। जांच में पदार्थ हाइड्रोपोनिक गांजा (कैनाबिस) पाया गया, जिसका कुल वजन 4,033 ग्राम था।
सीमा शुल्क अधिकारियों ने स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस), 1985 की धारा 43(ए) के तहत मादक पदार्थ जब्त कर लिया।
यात्री को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है और इससे जुड़े बड़े नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
मादक पदार्थ जब्त करने के बाद संयुक्त आयुक्त राजेश ने लोगों, खासकर युवाओं को आगाह किया कि वे ऐसे प्रस्तावों से सावधान रहें, जिनमें विदेश यात्रा का खर्च उठाने और वापसी में अनजान सामान ले जाने के बदले आसानी से पैसे देने का लालच दिया जाता है।
भाषा प्रचेता रंजन
रंजन

Facebook


