कोलकाता, छह अप्रैल (भाषा) मालदा के अतिरिक्त जिलाधिकारी (कानून-व्यवस्था) शेख अंसार अहमद को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया पर कथित अनधिकृत टिप्पणियां करने और 31 मार्च को कालियाचक में न्यायिक अधिकारियों के घेराव के दौरान सुरक्षा में चूक को लेकर दो कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
जिलाधिकारी राजनवीर सिंह कपूर ने अहमद को ये नोटिस जारी किए और उनसे सात दिन के भीतर जवाब देने को कहा।
एक नोटिस के अनुसार, अहमद को 31 मार्च को कानून-व्यवस्था संबंधी ड्यूटी पर तैनात किया गया था।
नोटिस में कहा गया कि बाद में सोशल मीडिया मंचों और अन्य स्रोतों के जरिए प्रशासन के संज्ञान में यह बात आई कि अहमद ने न्यायिक अधिकारियों का घेराव करने वाले लोगों को ड्यूटी के दौरान बिना पूर्व अनुमति के संबोधित किया और एसआईआर प्रक्रिया को लेकर चिंता जताई।
इसमें कहा गया कि संबोधन के दौरान उन्होंने उच्च अधिकारियों की जानकारी या मंजूरी के बिना आम लोगों से कुछ वादे किए जो संभवतः उनके पद की अधिकार-सीमा से बाहर थे।
नोटिस में कहा गया कि उन्होंने सार्वजनिक रूप से संकेत दिया कि वह एसआईआर में आपत्तियों के निस्तारण की तारीख बढ़वाने का प्रयास करेंगे, जबकि यह विषय निर्वाचन आयोग के अधिकार क्षेत्र में है और उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के अधीन है।
नोटिस में कहा गया कि इस तरह के बयान, भले ही अच्छी नीयत से दिए गए हों, आम लोगों में अनावश्यक अपेक्षाएं पैदा कर सकते हैं और संभव है कि वे उन्हें सौंपी गई भूमिका के अनुरूप न हों।
भीड़ ने 31 मार्च को कालियाचक के प्रखंड विकास अधिकारी (बीडीओ) कार्यालय में तीन महिलाओं समेत सात न्यायिक अधिकारियों को नौ घंटे से अधिक समय तक बंधक बनाए रखा था। उन्हें बचाए जाने के बाद भी न्यायिक अधिकारियों के वाहनों पर पथराव किया गया और डंडों तथा ईंटों से हमला किया गया।
इस बीच, अधिकारियों ने बताया कि उत्तर 24 परगना जिले के नैहाटी थाने के प्रभारी निरीक्षक को नामांकन प्रक्रिया के दौरान नैहाटी नगरपालिका के अध्यक्ष अशोक चटर्जी को उप-मंडलाधिकारी (एसडीओ) कार्यालय ले जाने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता अर्जुन सिंह ने एक वीडियो साझा किया, जिसमें चटर्जी पुलिस वाहन से उतरकर बैरकपुर स्थित एसडीओ कार्यालय में तृणमूल कांग्रेस के नैहाटी से उम्मीदवार सनत डे की नामांकन प्रक्रिया में शामिल होने जाते दिख रहे हैं।
भाषा सिम्मी प्रशांत
प्रशांत