झांसी, छह अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के रक्सा क्षेत्र में पिकनिक के दौरान बांध में नाव पलटने से लापता हुए दो छात्रों में से एक का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि एक छात्र अभी भी लापता है। दो अन्य छात्रों को पहले ही सुरक्षित बचा लिया गया था। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, यह घटना रविवार शाम उस समय हुई जब चार छात्र कोचिंग जाने के बहाने घर से निकले, लेकिन आठौदना गांव के पास स्थित गरिया बांध पर पिकनिक मनाने पहुंच गए।
ऐसा बताया गया कि चारों छात्र एक लावारिस छोटी नाव में सवार होकर सोशल मीडिया के लिए वीडियो बनाते हुए गहरे पानी में चले गए। इसी दौरान नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई, जिससे सभी छात्र पानी में गिर गए।
चीख-पुकार सुनकर पास में मौजूद एक नाविक ने दो छात्रों-श्रवण तिवारी (19) और शौर्य चंद्र (18) को बचा लिया। जबकि वेदांश यादव (18) और आतिफ मंसूरी (19) लापता हो गए।
उपजिलाधिकारी गोपेश तिवारी ने बताया कि आतिफ मंसूरी का शव सोमवार दोपहर स्थानीय गोताखोरों और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम ने बरामद कर लिया।
सदर क्षेत्र के पुलिस क्षेत्राधिकारी रामवीर सिंह ने बताया कि वेदांश यादव की तलाश जारी है। पुलिस और गोताखोरों की टीम ने रविवार देर रात तक तलाश अभियान चलाया, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
अधिकारियों के अनुसार, लापता छात्र की खोज के लिए अभियान जारी है।
भाषा
सं, जफर, आनन्द रवि कांत