कोहिमा, छह अप्रैल (भाषा) नगालैंड में हिंसा के बाद सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक समर्थक की मौत हो गई। नगालैंड में नौ अप्रैल को कोरिडांग सीट के लिए उपचुनाव होना है। प्राधिकारियों ने मोकोकचुंग जिले के कुछ हिस्सों में निषेधाज्ञा लागू कर दी है। यह जानकारी अधिकारियों ने दी।
अधिकारियों ने बताया कि निर्दलीय उम्मीदवार तोशिकाबा और भाजपा उम्मीदवार दाओचिर आई इमचेन के समर्थकों के बीच हुई झड़पों में मोकोकचुंग के लोंगखुम गांव निवासी इमरोंगसुंगबा इमचेन की घायल होने के बाद मौत हो गई।
सूत्रों के अनुसार, इमचेन को बेहतर इलाज के लिए मोकोकचुंग जिला अस्पताल से दीमापुर भेजा गया था, लेकिन चोटों के कारण उसकी रास्ते में बोत्सा गांव के पास मौत हो गई।
सूत्रों ने बताया कि इस घटना के संबंध में कुल 16 लोगों को हिरासत में लिया गया है।
जिला मजिस्ट्रेट अजित कुमार वर्मा ने शांति भंग होने की आशंका जताते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत कर्फ्यू लगा दिया।
लोंगखुम गांव, मांगमेटोंग गांव और अलीचेन क्षेत्र में निषेधाज्ञा लागू की गई है।
इन आदेशों के अनुसार, अधिसूचित क्षेत्रों में शाम 6 बजे से सुबह 5 बजे के बीच पांच या अधिक व्यक्तियों के एकत्र होने पर प्रतिबंध है।
कोरिडांग सीट पर उपचुनाव के लिए छह उम्मीदवार मैदान में हैं। कांग्रेस ने टी चालुकुम्बा ओ को उम्मीदवार बनाया है, जबकि एनपीपी ने आई अबेनजांग को उम्मीदवार बनाया है।
भाजपा के पांच बार के विधायक इम्कोंग एल इमचेन के 75 वर्ष की आयु में 11 नवंबर को निधन के बाद उपचुनाव कराने की आवश्यकता पड़ी। पार्टी ने उनके बेटे को सत्तारूढ़ गठबंधन के उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतारा है।
मतगणना 4 मई को होगी।
भाषा अमित प्रशांत
प्रशांत