ममता बनर्जी ‘तालिबानी मानसिकता और संस्कृति’ के साथ बंगाल में शासन कर रहीं हैं : भाजपा
ममता बनर्जी ‘तालिबानी मानसिकता और संस्कृति’ के साथ बंगाल में शासन कर रहीं हैं : भाजपा
नयी दिल्ली, आठ अक्टूबर (भाषा)भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पश्चिम बंगाल में अपने नेताओं पर हिंसक हमलों की हालिया घटनाओं को लेकर बुधवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की आलोचना की और आरोप लगाया कि उनकी सरकार राज्य में ‘‘तालिबानी मानसिकता और संस्कृति’’ के साथ शासन कर रही है।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने नयी दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री पर भाजपा नेताओं पर हमले की घटनाओं को छिपाने और इसमें शामिल लोगों को बचाने का प्रयास करने का आरोप लगाया।
भाजपा विधायक मनोज कुमार उरांव पर मंगलवार को अलीपुरद्वार में बाढ़ राहत सामग्री वितरित करते समय तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर हमला किया था। इससे एक दिन पहले जलपाईगुड़ी जिले में भीड़ ने भाजपा के दो वरिष्ठ नेताओं पर हमला किया था।
आदिवासी नेता और मालदा उत्तर से भारतीय जनता पार्टी के लोकसभा सदस्य खगेन मुर्मू और विधायक शंकर घोष पश्चिम बंगाल के उत्तरी भाग में बाढ़ और भूस्खलन प्रभावित दुआर्स क्षेत्र के दौरे के समय भीड़ के हमले में घायल हो गए थे। दोनों भाजपा नेताओं की उस टीम का हिस्सा थे जो आपदा प्रभावित क्षेत्र में स्थिति का आकलन करने और राहत वितरित करने के लिए गई थी।
पूनावाला ने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी की निगरानी और निर्देश पर पश्चिम बंगाल में राजनीतिक हिंसा को ‘‘संस्थागत, सामान्य और वैध’’ बनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा, ‘‘पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस नहीं, बल्कि तालिबानी मानसिकता और संस्कृति वाली सरकार सत्ता में है।’’
भाजपा नेता ने कहा, ‘‘पश्चिम बंगाल में न तो मां, न माटी और न ही मानुष और न ही निर्वाचित सांसद या विधायक सुरक्षित हैं। तृणमूल शासन में पश्चिम बंगाल में केवल माफिया, ‘बमबाज’ और ‘जिहादी’ तत्व ही सुरक्षित हैं, जो ‘वोट बैंक की दुकान’ चला रहे हैं। ’’
पूनावाला ने इस मुद्दे पर कांग्रेस और विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस)के अन्य घटकों की चुप्पी पर आलोचना की।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा, ‘‘पश्चिम बंगाल सरकार इनकार और ध्यान भटकाने की मुद्रा में है। ममता बनर्जी अपने तृणमूल कार्यकर्ताओं को क्लीन चिट दे रही हैं… ममता बनर्जी जश्न मनाने और मामले को छुपाने की मुद्रा में हैं।’’
उन्होंने सवाल किया, ‘‘तृणमूल के इशारे पर भाजपा नेताओं पर किए गए जानलेवा हमलों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई कब होगी?’’
भाषा धीरज माधव
माधव

Facebook


