आंधी-पानी के दौरान पेड़ गिरने की घटनाओं में बुजुर्ग महिला समेत दो लोगों की मौत
आंधी-पानी के दौरान पेड़ गिरने की घटनाओं में बुजुर्ग महिला समेत दो लोगों की मौत
बाराबंकी (उप्र), 27 सितंबर (भाषा) बाराबंकी जिले में तेज आंधी-पानी के दौरान पेड़ गिरने की घटनाओं में एक बुजुर्ग महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि दरियाबाद कोतवाली क्षेत्र के आलियाबाद-पटरंगा मार्ग पर तेज-आंधी पानी के दौरान गिरे पेड़ के नीचे चौरासा देवी (65) नामक बुजुर्ग महिला का शव रविवार को बरामद किया गया।
सूत्रों ने बताया कि अलियाबाद के खर्रा मोहल्ला की रहने वाली चौरासा देवी शनिवार सुबह खेत की तरफ गई थीं और देर शाम तक नहीं लौटने पर परिजन ने उनकी तलाश शुरू की और पुलिस को उनकी गुमशुदगी की सूचना दी।
सूत्रों ने बताया कि रविवार सुबह करीब पांच बजे चौरासा देवी का शव पेड़ के नीचे दबा पाया गया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिये भेजा है।
पुलिस के मुताबिक, दूसरा हादसा रामसनेहीघाट थाना क्षेत्र के मऊ गांव में हुआ जहां तीन लोग एक छप्पर के नीचे सो रहे थे, तभी एक इमली का पेड़ छप्पर के ऊपर गिर गया।
पुलिस ने कहा कि पेड़ की चपेट में आने से 62 वर्षीय लाल बहादुर वर्मा की मौत हो गई और परमानंद वर्मा तथा शिवप्रसाद वर्मा घायल हो गये है जिनका इलाज किया जा रहा है।
जिलाधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में पिछले दो दिनों के दौरान प्रतिकूल मौसम, तेज हवाओं एवं वर्षा के कारण विभिन्न क्षेत्रों में पेड़ गिरने और मकानों के क्षतिग्रस्त होने की घटनाओं में चार लोगों की मौत हुई है तथा आठ अन्य जख्मी हुए हैं।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) निरंकार सिंह ने बताया कि प्रतिकूल मौसम से प्रभावित क्षेत्रों में जिला प्रशासन द्वारा तत्काल राहत पहुंचाने की कार्यवाही जारी है।
भाषा सं सलीम संतोष
संतोष

Facebook


