ममता ने विधानसभा चुनाव से पहले दुर्गापुर में किया रोडशो

Ads

ममता ने विधानसभा चुनाव से पहले दुर्गापुर में किया रोडशो

  •  
  • Publish Date - April 17, 2026 / 05:28 PM IST,
    Updated On - April 17, 2026 / 05:28 PM IST

दुर्गापुर (बंगाल), 17 अप्रैल (भाषा) पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य के विधानसभा चुनाव से पहले यहां दुर्गापुर में पार्टी के उम्मीदवार के समर्थन में रोडशो किया।

इस दौरान लोगों ने सड़क के दोनों तरफ और बालकनी व छतों पर खड़े होकर टीएमसी प्रमुख का अभिवादन किया और मुख्यमंत्री ने हाथ जोड़कर उनका अभिवादन स्वीकार किया।

बनर्जी ने स्टील मार्केट से चलना शुरू किया और लगभग दो किलोमीटर दूर भिरिंगी मोड़ तक पहुंचीं। इस दौरान दुर्गापुर और आसपास के निर्वाचन क्षेत्रों के टीएमसी उम्मीदवार उनके साथ थे।

पार्टी समर्थकों ने ‘दीदी दीदी’ और ‘जय बांग्ला’ के नारों के बीच फूल बरसाकर व स्कार्फ पहनाकर बनर्जी का अभिवादन किया ।

रोडशो के दौरान पूरे मार्ग पर टीएमसी के झंडे दिख रहे थे। कई लोगों के हाथों में नीले और सफेद रंग के गुब्बारे थे।

पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा के लिए 23 और 29 अप्रैल को दो चरण में मतदान होगा, जबकि मतगणना चार मई को होगी।

भाषा जोहेब दिलीप

दिलीप