कोलकाता, नौ मई (भाषा) पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को नोबेल पुरस्कार विजेता रवीन्द्रनाथ टैगोर की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वह मानवता के लिए एकता का संदेश देने वाले और सदैव मार्गदर्शन करने वाले प्रकाशस्तंभ हैं।
सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में बनर्जी ने कहा कि टैगोर का दर्शन बांग्ला भाषा, संस्कृति और विरासत के पुनर्जन्म का प्रतीक है।
उन्होंने लिखा, ‘‘उनका गहन जीवन-दर्शन हमारी दैनिक यात्रा के लिए सदैव मार्गदर्शक प्रकाश बना हुआ है। उन्होंने हमें सिखाया कि विभाजन सत्य नहीं है, सत्य तो एकता है।’’
तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ने कहा कि टैगोर ‘‘उग्र राष्ट्रवाद की उत्तेजना से ऊपर उठकर’’ संपूर्ण विश्व को एकता का संदेश देने वाले महामानव थे।
बनर्जी ने आशा व्यक्त की कि इस महाकवि के चिरंतन आदर्श, उनकी दूरगामी विचारधारा, जागृत चेतना और सृजनशील प्रतिभा विश्वभर के लोगों के मन में और भी प्रखर रूप से चमकती रहेगी।
भाषा खारी नेत्रपाल
नेत्रपाल