शालबनी (प. बंगाल) 21 अप्रैल (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर मंगलवार को आरोप लगाया कि वह (बनर्जी) ‘‘घुसपैठियों को बचाने’’ की कोशिश कर रही हैं।
शाह ने यह भी दावा किया कि ममता बनर्जी के ‘‘सहयोगी’’ हुमायूं कबीर पश्चिम बंगाल में बाबरी मस्जिद बनाना चाहते हैं, जिसे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कभी होने नहीं देगी।
पश्चिम मेदिनीपुर जिले के शालबनी में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि इस बार पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव ‘‘घुसपैठ और भ्रष्टाचार से पश्चिम बंगाल को मुक्त कराने’’ का लेकर है।
उन्होंने कहा, ‘‘ममता दीदी घुसपैठियों को बचाना चाहती हैं, लेकिन हम उन्हें निकाल कर रहेंगे।’’
सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पर अपना हमला तेज करते हुए शाह ने तृणमूल से निलंबित विधायक एवं ‘आम जनता उन्नयन पार्टी’ के संस्थापक हुमायूं कबीर का उल्लेख किया और उनपर राज्य में बाबरी मस्जिद का मुद्दा उठाने की कोशिश करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा, “मोदी (प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी) जी ने अयोध्या में राम मंदिर बनवाया। यह (मंदिर) वहीं बना जहां कभी बाबरी मस्जिद थी। अब ममता दीदी अपने सहयोगी हुमायूं कबीर के जरिये बंगाल में बाबरी मस्जिद बनवाना चाहती हैं।’’
शाह ने कहा, ‘‘पश्चिम बंगाल भारत का हिस्सा है और हम किसी को भी पश्चिम बंगाल में बाबरी मस्जिद बनाने की अनुमति नहीं देंगे।’’
भाजपा के वरिष्ठ नेता ने यह भी वादा किया कि यदि उनकी पार्टी सत्ता में आई तो राज्य में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू की जाएगी।
उन्होंने कहा, ‘‘हम पश्चिम बंगाल में समान नागरिक संहिता लाएंगे। कुछ लोग चार-चार शादी करते हैं। क्या इसे रोका जाना चाहिए या नहीं? अब कोई भी चार बार शादी नहीं कर सकेगा।’’
भाषा सुरेश खारी
खारी