नैनीताल, 21 अप्रैल (भाषा) पहचान छिपाकर कई लड़कियों का कथित तौर पर शारीरिक और वित्तीय शोषण करने के आरोपी युवक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर उत्तराखंड के नैनीताल जिले के भीमताल में उत्तेजित व्यापारियों और स्थानीय निवासियों ने बाजार बंद रखे और पुलिस थाने के बाहर प्रदर्शन किया।
भाजपा कार्यकर्ताओं की अगुवाई में सोमवार को हुए प्रदर्शन के दौरान चेतावनी दी गयी कि अगर आरोपी युवक को बुधवार तक गिरफ्तार नहीं किया जाता तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा।
युवक पर कई लड़कियों को धोखा देने और उनका शारीरिक और वित्तीय शोषण करने का आरोप है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी अंजना नेगी और अन्य अधिकारियों ने भीड़ को शांत करने का प्रयास किया और उन्हें आरोपी की जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी को तलाश किया जा रहा है। नैनीताल के पुलिस अधीक्षक जगदीश चंद्रा ने कहा, ‘‘पीड़ित से औपचारिक शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज किया जाएगा। इस बीच पुलिस निष्पक्ष जांच कर रही है और सार्वजनिक व्यवस्था को बिगाड़ने का प्रयास करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।’’
पुलिस निरीक्षक राजेश कुमार यादव ने बताया कि आरोपी की मां के खिलाफ उसे शरण देने के आरोप में पुलिस अधिनियम के तहत एक प्राथमिकी दर्ज की गयी है।
उन्होंने यह भी बताया कि आरोपी के वाहन और घर से चाकू, हथकड़ी और अन्य संदिग्ध वस्तुएं जब्त की गई हैं और तलाशी अभियान अभी जारी है।
आरोप है कि युवक ने अपनी पहचान छुपाकर लड़कियों को बहला-फुसलाकर अपने जाल में फंसाया और उनका शारीरिक और वित्तीय उत्पीड़न किया।
इस संबंध में भाजपा के नैनीताल जिला मंत्री गौतम मटियानी सहित अन्य स्थानीय नेताओं ने 18 अप्रैल को पुलिस को एक शिकायत दी थी जिसमें कहा गया है कि पीड़ित लड़कियां सामाजिक दवाब और शर्म के कारण औपचारिक शिकायत दर्ज कराने से पीछे हट रही हैं।
शिकायत में कहा गया है कि आरोपी युवक ने पीड़ित लड़कियों से मंहगे सामान खरीदवाए और उनसे 17 लाख रुपये तक खर्च करवाए जो उनका वित्तीय शोषण है।
प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और भीमताल के विधायक रामसिंह कैड़ा ने भी मामले में जल्द कार्रवाई नहीं होने पर गहरी नाराजगी जतायी है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से जल्द मामला दर्ज करने और आरोपी को गिरफ्तार करने को कहा है।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि आरोपी युवक का घर सरकारी जमीन पर बना हुआ है और वे प्रशासन से कथित अतिक्रमण के खिलाफ कार्यवाही शुरू करने की मांग कर रहे हैं।
संवेदनशील स्थिति को देखते हुए कानून-व्यवस्था कायम रखने के लिए क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
भाषा सं दीप्ति अमित
अमित