नयी दिल्ली, 30 जुलाई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने पैरोल लेकर फरार हुए 10 साल के बच्चे की हत्या के दोषी को 15 साल बाद गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को बताया कि नरेन्द्र चौहान (48) को बच्चे को अगवा कर उसकी हत्या करने के जुर्म में उम्र कैद की सजा सुना गई थी। यह मामला 2002 में शालीमार बाग थाने में दर्ज किया गया था।
पुलिस ने कहा कि दिल्ली उच्च न्यायालय ने अप्रैल 2011 में चौहान को एक महीने की पैरोल दी थी, लेकिन पैरोल अवधि समाप्त होने के बाद उसने जेल अधिकारियों के सामने आत्मसमर्पण नहीं किया और फरार हो गया।
उन्होंने बताया कि विशिष्ट खुफिया जानकारी पर कार्रवाई करते हुए, दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा की एक टीम ने उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के छपरोला गांव में किराए के मकान से बुधवार को उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, चौहान गिरफ्तारी से बचने के लिए बार-बार अपना निवास स्थान बदलता था और गाजियाबाद व ग्रेटर नोएडा में विभिन्न स्थानों पर रहता था। उसने फरार रहने के दौरान बच्चों को ट्यूशन पढ़ाकर गुजारा किया।
पुलिस ने कहा कि पीड़ित बच्चे को अगवा कर उसके परिवार से 20 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई थी और जब परिवार रकम देने में नाकाम रहा तो बच्चे की हत्या कर दी गई। बाद में इस मामले में सभी आरोपियों को दोषी ठहराया गया।
भाषा नोमान नोमान नरेश
नरेश