जापानी कंपनी के अधिकारी को जान से मारने की धमकी देकर धन मांगने वाला गिरफ्तार

जापानी कंपनी के अधिकारी को जान से मारने की धमकी देकर धन मांगने वाला गिरफ्तार

जापानी कंपनी के अधिकारी को जान से मारने की धमकी देकर धन मांगने वाला गिरफ्तार
Modified Date: December 10, 2022 / 09:27 pm IST
Published Date: December 10, 2022 9:27 pm IST

गुरुग्राम (हरियाणा), 10 दिसंबर (भाषा) जापानी कंपनी के मानव संसाधन (एचआर) अधिकारी को जान से मारने की धमकी देकर पैसे मांगने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

प्रमोद (18) नामक आरोपी उसी कंपनी में काम करता था। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि आरोपी एक अपराध वेब सीरीज से प्रेरित होकर अपने कर्ज का भुगतान करने के लिए जबरन वसूली की योजना बनाई थी।

उत्तर प्रदेश में लखनऊ के मूल निवासी और आईएमटी, मानेसर में जापानी कंपनी- हयाकावा इलेक्ट्रॉनिक्स के मानव संसाधन अधिकारी के रूप में कार्यरत अनुराग सिंह द्वारा दायर कराई गई शिकायत के अनुसार उनके मोबाइल पर एक कॉल आया जिसमें कॉल करने वाले ने कहा कि उन्हें मारने के लिए उसे धन मिला है।

सिंह ने अपनी शिकायत में कहा, ‘‘रविवार को शाम 4 बजे के आसपास, जब मैं सेक्टर 17 ए में अपने घर पर था, तब मुझे एक अज्ञात मोबाइल नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को इमरान बताया और मुझसे पूछा कि क्या मैं हयाकावा कंपनी में अधिकारी हूं। जब मैंने हां कहा, तो उसने दावा किया कि मुझे मारने के लिए मेरी कंपनी के एक कर्मचारी से उसे 26 लाख रुपये मिले हैं।’’

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इसके बाद, एक प्राथमिकी दर्ज की गई और फोन करने वाले को पकड़ने के लिए एक टीम का गठन किया गया। उन्होंने कहा कि सेक्टर 17 पुलिस की टीम ने आखिरकार मंगलवार रात आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध) प्रीत पाल सिंह सांगवान ने बताया, ‘‘आरोपी का भाई भी उसी कंपनी में काम करता है और उसे एचआर अधिकारी का नंबर अपने भाई के मोबाइल से मिला था। उसने एक महिला कर्मचारी के लॉकर से एक मोबाइल भी चुराया और उसके नंबर से कॉल कर धमकी दी थी।’’

भाषा आशीष माधव

माधव


लेखक के बारे में