कोच्चि में डीआईजी कार्यालय पर पथराव करने के आरोप में युवक गिरफ्तार

कोच्चि में डीआईजी कार्यालय पर पथराव करने के आरोप में युवक गिरफ्तार

कोच्चि में डीआईजी कार्यालय पर पथराव करने के आरोप में युवक गिरफ्तार
Modified Date: March 8, 2025 / 07:10 pm IST
Published Date: March 8, 2025 7:10 pm IST

कोच्चि, आठ मार्च (भाषा) केरल में कोच्चि के निकट कलमस्सेरी में उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) कार्यालय पर पथराव करने के आरोप में एक युवक को शनिवार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

आरोपी की पहचान कोझिकोड जिले के मुक्कोम निवासी विष्णु के रूप में हुई है। पुलिस ने कहा कि घटना के समय आरोपी कथित तौर पर नशे की हालत में था।

अधिकारियों के अनुसार, विष्णु अपने मोबाइल फोन के गुम होने की शिकायत दर्ज कराने के लिए शनिवार सुबह डीआईजी कार्यालय पहुंचा था। हालांकि, उसे स्थानीय पुलिस थाने में अपनी शिकायत दर्ज कराने का निर्देश देकर उसे वापस भेज दिया गया।

इससे निराश होकर वह बाद में वापस लौटा और कार्यालय पर पथराव किया जिससे कार्यालय का वह बोर्ड क्षतिग्रस्त हो गया जिस पर नाम लिखे होते हैं।

ड्यूटी पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने तुरंत उसे हिरासत में ले लिया, लेकिन नशे की हालत के कारण शुरू में वे उससे पूछताछ नहीं कर सके।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

भाषा

संतोष माधव

माधव


लेखक के बारे में